काशीपुर किसान मौत मामला: सीएम धामी ने परिजनों को दिया इंसाफ का भरोसा, मजिस्ट्रियल जांच के आदेश

 

 

 

 

देहरादून: काशीपुर के किसान स्वर्गीय सुखवंत सिंह की मृत्यु के मामले में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने का भरोसा दिया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जांच प्रक्रिया में किसी भी स्तर पर कोई ढिलाई नहीं बरती जाएगी और दोषियों को कानून के तहत कड़ी सजा दिलाई जाएगी।

मंगलवार को मुख्यमंत्री ने दिवंगत किसान के भाई परविंदर सिंह से फोन पर बातचीत कर शोक संवेदनाएं व्यक्त कीं और परिवार को सांत्वना दी। इस दौरान सुखवंत सिंह के पिता और अन्य परिजन भी मौजूद थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस दुखद घटना से हुई क्षति की भरपाई संभव नहीं है, लेकिन सरकार पूरी संवेदनशीलता के साथ परिवार के साथ खड़ी है और न्याय सुनिश्चित करना उसकी प्राथमिकता है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि मामले की जानकारी मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं और कुमाऊं आयुक्त को मजिस्ट्रियल जांच सौंप दी गई है। उन्होंने दोहराया कि प्रदेश में किसी भी नागरिक के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा और हर पीड़ित को न्याय दिलाना सरकार की जिम्मेदारी है।

मुख्यमंत्री धामी ने यह भी कहा कि वह जल्द ही स्वयं पीड़ित परिवार से मुलाकात करेंगे और उन्हें हर संभव मदद और न्याय दिलाने के लिए सरकार प्रतिबद्ध रहेगी।

(Visited 969 times, 1 visits today)