Site icon The Mountain People

‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ अभियान की जमीनी हकीकत परखी, सीएम धामी ने न्याय पंचायत स्तरीय शिविर का किया निरीक्षण

 

 

 

देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को देहरादून जनपद के रायपुर ब्लॉक अंतर्गत खैरीमान सिंह में आयोजित न्याय पंचायत स्तरीय शिविर का निरीक्षण कर ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ अभियान के क्रियान्वयन की जमीनी स्थिति की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने ‘प्रशासन गांव की ओर’ कार्यक्रम के तहत आयोजित बहुद्देश्यीय शिविर में जन-समस्याओं के निस्तारण की प्रगति की जानकारी ली और आमजन से सीधे संवाद कर फीडबैक प्राप्त किया।

मुख्यमंत्री ने शिविर स्थल पर विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया और जन-कल्याणकारी योजनाओं एवं सेवाओं को ग्रामीणों तक प्रभावी रूप से पहुँचाने के लिए की गई व्यवस्थाओं को परखा। इस अवसर पर 102 दिव्यांगजनों एवं वृद्धजनों को सहायक उपकरण वितरित किए गए, जिससे उन्हें दैनिक जीवन में सुविधा मिल सके।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जन-समस्याओं का त्वरित, पारदर्शी और संतोषजनक समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ अभियान का मूल उद्देश्य अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक शासन की योजनाओं और सेवाओं की सीधी पहुँच बनाना है। इसके लिए इस अभियान को संवेदनशीलता, जिम्मेदारी और प्रभावशीलता के साथ संचालित किया जाना आवश्यक है।

इस अवसर पर विधायक उमेश शर्मा, ब्लॉक प्रमुख सरोजिनी जवाड़ी, जिला पंचायत सदस्य वीर सिंह चौहान सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। साथ ही मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह, एसडीएम हरि गिरि, परियोजना निदेशक विक्रम सिंह, जिला विकास अधिकारी सुनील कुमार तथा विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी भी मौजूद रहे।

Exit mobile version