कोटद्वार: भाबर क्षेत्र के अंतर्गत सिगड्डी–भूवदेवपुर में इन दिनों हाथियों की लगातार आवाजाही से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। आए दिन हाथी आबादी में घुसकर काश्तकारों की फसलों को नुकसान पहुंचा रहे हैं। बुधवार देर रात भी हाथियों के झुंड ने गांव में पहुंचकर जमकर उत्पात मचाया।
ग्रामीणों के अनुसार, हाथियों ने खेतों में खड़ी फसलों को रौंद दिया। इसके साथ ही घरों के बाहर रखी पानी की टंकियों को तोड़ दिया और एक काश्तकार के घर के बाहर खड़ी चारा काटने की मशीन को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। अचानक हाथियों के आबादी में पहुंचने से गांव में अफरा-तफरी मच गई।
हाथियों को भगाने के लिए काश्तकार एकजुट होकर शोर-शराबा करते रहे, लेकिन हाथी काफी देर तक खेतों में ही घूमते रहे और नुकसान करते रहे। कई घंटों बाद जब हाथियों का झुंड जंगल की ओर लौटा, तब जाकर ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।
ग्रामीणों का कहना है कि भूवदेवपुर क्षेत्र का बड़ा हिस्सा जंगल से सटा होने और सुरक्षा दीवार के अभाव में हाथी आसानी से आबादी तक पहुंच रहे हैं, जिससे जान-माल का खतरा बना हुआ है। काश्तकारों ने वन विभाग से हुए नुकसान का मुआवजा देने और हाथियों से स्थायी सुरक्षा व्यवस्था करने की मांग की है।

