Site icon The Mountain People

उत्तराखंड को केंद्र की बड़ी सौगात: पूंजी निवेश सहायता योजना के तहत ₹249.56 करोड़ की दूसरी किस्त जारी

 

 

 

TMP: केंद्र सरकार ने विशेष पूंजी निवेश सहायता योजना 2025-26 के अंतर्गत उत्तराखंड राज्य को ₹249.56 करोड़ की दूसरी किस्त जारी कर दी है। यह राशि भारत सरकार के वित्त मंत्रालय के व्यय विभाग द्वारा राज्य सरकार को प्रदान की गई है। इस वित्तीय सहयोग से प्रदेश में विकास से जुड़ी महत्वपूर्ण परियोजनाओं को नई गति मिलने की उम्मीद है।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने केंद्र सरकार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सहायता उत्तराखंड के आधारभूत ढांचे को सशक्त बनाने, जनोपयोगी विकास कार्यों को आगे बढ़ाने और रोजगार के नए अवसर सृजित करने में अहम भूमिका निभाएगी। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार का यह सहयोग राज्य के आर्थिक सुदृढ़ीकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड सरकार केंद्र–राज्य के समन्वय से प्रदेश के समग्र विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है। प्राप्त धनराशि का उपयोग सड़क, पुल, शहरी एवं ग्रामीण अधोसंरचना, पेयजल, ऊर्जा तथा अन्य पूंजीगत परियोजनाओं में पारदर्शी, प्रभावी और समयबद्ध ढंग से किया जाएगा, ताकि आम जनता को इसका सीधा लाभ मिल सके।

मुख्यमंत्री धामी ने यह भी स्पष्ट किया कि सभी परियोजनाओं को गुणवत्ता मानकों के अनुरूप पूरा किया जाएगा और उनके क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की देरी नहीं होने दी जाएगी। उन्होंने कहा कि इन विकास कार्यों से न केवल प्रदेश की आर्थिक गतिविधियों को मजबूती मिलेगी, बल्कि स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन को भी बढ़ावा मिलेगा।

गौरतलब है कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में अब तक केंद्र सरकार द्वारा उत्तराखंड को कुल ₹847.49 करोड़ की सहायता ऋण स्वरूप प्रदान की जा चुकी है। इस वित्तीय सहयोग से राज्य में विभिन्न विकासात्मक योजनाओं और परियोजनाओं को नई ऊर्जा मिली है, जो उत्तराखंड के संतुलित, समावेशी और सतत विकास को मजबूत आधार प्रदान करेगी।

Exit mobile version