Site icon The Mountain People

डेस्टिनेशन उत्तराखंड 2.0” कॉन्क्लेव में CM धामी का विज़न: निवेश, पर्यटन से नई ऊँचाइयों की ओर बढ़ेगा उत्तराखंड

 

 

 

 

देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज देहरादून में आयोजित टाइम्स ऑफ़ इंडिया के प्रतिष्ठित कार्यक्रम “डेस्टिनेशन उत्तराखंड 2.0” कॉन्क्लेव में प्रतिभाग किया। इस अवसर पर उन्होंने देश के सर्वाधिक लोकप्रिय अंग्रेजी समाचार पत्र टाइम्स ऑफ़ इंडिया द्वारा आयोजित इस विशिष्ट आयोजन में उपस्थित सभी गणमान्य अतिथियों का स्वागत एवं अभिनंदन किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह कॉन्क्लेव उत्तराखंड के विकास मॉडल, निवेश संभावनाओं, पर्यटन, कृषि, स्टार्टअप और इंफ्रास्ट्रक्चर जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर गहन और सार्थक विमर्श का महत्वपूर्ण मंच है, जिससे राज्य के विकास को नई गति मिलेगी।

सीएम धामी ने कहा कि उत्तराखंड की राज्य स्थापना के 25 वर्षों की यात्रा चुनौतियों के बावजूद उल्लेखनीय उपलब्धियों से भरी रही है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2014 के बाद प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश की विकास यात्रा ने ऐतिहासिक ऊँचाइयाँ हासिल की हैं, जिसका सकारात्मक प्रभाव उत्तराखंड में भी स्पष्ट रूप से देखने को मिल रहा है।

डबल इंजन सरकार के सहयोग से शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, खेल, पेयजल और हवाई कनेक्टिविटी जैसे क्षेत्रों में अभूतपूर्व सुधार हुए हैं। “लोकल फॉर वोकल”, “मेक इन इंडिया” और “स्टार्टअप इंडिया” जैसे राष्ट्रीय अभियानों को उत्तराखंड ने मजबूती से आगे बढ़ाया है और देवभूमि को विश्व की आध्यात्मिक राजधानी के रूप में विकसित करने की दिशा में ठोस कदम उठाए गए हैं।

धार्मिक व सांस्कृतिक धरोहरों का संरक्षण, पर्यटन को नया आयाम

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में केदारखंड और मानसखंड क्षेत्रों में सौंदर्यीकरण के कार्य तेज़ी से किए जा रहे हैं। हरिपुर कालसी में यमुनातीर्थ स्थल के पुनरुद्धार के साथ ही हरिद्वार–ऋषिकेश कॉरिडोर और शारदा कॉरिडोर का निर्माण कार्य भी प्रगति पर है।

उन्होंने बताया कि शीतकालीन यात्रा की पहल से प्रदेश में अब बारहों महीने पर्यटन गतिविधियाँ संचालित हो रही हैं। धार्मिक पर्यटन के साथ-साथ उत्तराखंड आज एडवेंचर, वेलनेस, फिल्म शूटिंग और वेडिंग डेस्टिनेशन के रूप में भी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान बना चुका है।

निवेश और उद्योग में ऐतिहासिक उपलब्धि

सीएम धामी ने बताया कि वर्ष 2023 में आयोजित ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट उत्तराखंड के औद्योगिक इतिहास की एक ऐतिहासिक उपलब्धि रही है। समिट में प्राप्त 3.56 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्तावों में से लगभग 1 लाख करोड़ रुपये के प्रस्ताव धरातल पर उतर चुके हैं।

राज्य में सिंगल विंडो सिस्टम को सशक्त किया गया है, 30 से अधिक नई नीतियाँ लागू की गई हैं और लाइसेंसिंग प्रक्रिया को सरल बनाया गया है, जिससे उत्तराखंड निवेशकों के लिए एक पसंदीदा गंतव्य बनता जा रहा है।

उन्होंने बताया कि ‘एक जनपद–दो उत्पाद’ योजना और ‘हाउस ऑफ़ हिमालयाज़’ ब्रांड के माध्यम से स्थानीय उत्पादों को वैश्विक पहचान दिलाई जा रही है। इसके साथ ही स्टेट मिलेट मिशन, एप्पल मिशन, होमस्टे नीति, नई फिल्म नीति और सौर स्वरोजगार योजना ने स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती प्रदान की है।

राष्ट्रीय रैंकिंग में शानदार प्रदर्शन

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड ने राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय रैंकिंग्स में लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है।

— नीति आयोग के सतत विकास लक्ष्यों (SDG) इंडेक्स में देश में प्रथम स्थान,

ईज ऑफ़ डूइंग बिजनेस में ‘अचीवर्स’ श्रेणी,

— और स्टार्टअप रैंकिंग में ‘लीडर’ श्रेणी प्राप्त कर राज्य ने निवेश और नवाचार के क्षेत्र में अपनी क्षमता सिद्ध की है।

उन्होंने बताया कि बेरोजगारी दर में रिकॉर्ड 4.4 प्रतिशत की कमी आई है और 26 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियाँ प्रदान की गई हैं, जो सरकार की पारदर्शी और सशक्त नीति का परिणाम है।

सख्त कानून, सुशासन और पारदर्शिता पर ज़ोर

सीएम धामी ने कहा कि राज्य में सुशासन, पारदर्शिता और सांस्कृतिक मूल्यों की रक्षा के लिए सरकार पूरी दृढ़ता से कार्य कर रही है। उत्तराखंड देश का पहला राज्य बना है जिसने समान नागरिक संहिता (UCC) लागू की है।

उन्होंने कहा कि लैंड जिहाद, लव जिहाद, धर्मांतरण और नकल माफियाओं के विरुद्ध कड़े कानून बनाए गए हैं और निर्णायक कार्रवाई की गई है।

राज्य में 10 हजार एकड़ से अधिक सरकारी भूमि को अवैध कब्जे से मुक्त कराया गया है तथा 250 से अधिक अवैध मदरसों को बंद किया गया है।

मुख्यमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि जनता के सहयोग और सहभागिता से ही उत्तराखंड के विकास के लक्ष्य पूरे होंगे और सामूहिक प्रयासों से राज्य नई ऊँचाइयों को छुएगा।

Exit mobile version