TMP: दिल्ली में हुए भीषण विस्फोट की घटना पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने इस हादसे में मारे गए और घायल हुए लोगों के प्रति संवेदना प्रकट करते हुए इसे बेहद दुखद और चिंता का विषय बताया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस तरह की घटनाएं मानवता को झकझोर देती हैं। उन्होंने कहा कि दिल्ली में हुई यह घटना सुरक्षा एजेंसियों के लिए गंभीर चिंता का विषय है और सतर्कता बेहद जरूरी है।
राज्य में हाई अलर्ट, सीमाओं पर कड़ी निगरानी के निर्देश
मुख्यमंत्री ने इस घटना के मद्देनज़र राज्य के पुलिस महानिदेशक (DGP) को पूरे राज्य को हाई अलर्ट पर रखने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस पूरी सतर्कता बरते और राज्य की सीमाओं पर विशेष निगरानी रखे।
उन्होंने निर्देश दिया कि संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जाए तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई हो।
“जनता की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता”
मुख्यमंत्री धामी ने स्पष्ट कहा कि जनता की सुरक्षा राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी स्थिति में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने राज्यवासियों से अपील की कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत सूचना पुलिस को दें।