Site icon The Mountain People

प्रधानमंत्री मोदी बोले – यह दशक उत्तराखंड का, डबल इंजन सरकार विकास की नई ऊंचाइयों पर

 

 

 

देहरादून। उत्तराखंड राज्य स्थापना की रजत जयंती के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी देहरादून पहुंचे। इस दौरान उन्होंने 8260 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। प्रधानमंत्री ने एफआरआई में आयोजित भव्य समारोह में उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए राज्य की प्रगति और संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा की।

प्रधानमंत्री ने कहा कि समान नागरिक संहिता (UCC) लागू करना उत्तराखंड की ऐतिहासिक उपलब्धि है, जिसने अन्य राज्यों के लिए एक मिसाल पेश की है। उन्होंने कहा कि धामी सरकार ने संवेदनशील मुद्दों—जमीन कब्जाने और जनसांख्यिकीय बदलाव—पर भी गंभीरता से काम किया है।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के कई स्थानीय उत्पाद अब डिजिटल प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध हैं, जिससे नए बाजार खुल रहे हैं। “हाउस ऑफ हिमालय” ब्रांडिंग को बढ़ावा देने पर उन्होंने बल दिया।

प्रधानमंत्री ने कहा कि प्रदेश ने “वोकल फॉर लोकल” अभियान को गति दी है, जिसके परिणामस्वरूप 15 कृषि उत्पादों को जीआई टैग प्राप्त हुआ है। बदरी गाय का घी और बेडू को जीआई टैग मिलना गर्व की बात है।

उन्होंने कहा कि राज्य में ईको टूरिज्म और एडवेंचर टूरिज्म की अपार संभावनाएं हैं। केदारनाथ धाम में 17 लाख से अधिक श्रद्धालुओं के आगमन को उन्होंने देवभूमि की आध्यात्मिक शक्ति का प्रमाण बताया। पीएम ने कहा कि नई फिल्म नीति से उत्तराखंड में शूटिंग आसान हुई है, और “मेड इन इंडिया” की तर्ज पर “मेड इन डंडिया” जैसी पहल राज्य के लिए लाभकारी होगी।

उन्होंने सुझाव दिया कि “एक जिला, एक मेला” अभियान से प्रदेश के पारंपरिक मेलों को नई पहचान मिल सकती है। “बारहों मास पर्यटन” की दिशा में प्रदेश ने जो कदम उठाए हैं, उससे सर्दियों के मौसम में पर्यटकों की संख्या बढ़ी है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि जब पर्यटक यहां के स्थानीय व्यंजन जैसे भट्ट के डुबके, रस भात, झंगोरे की खीर और चुड़काणी का स्वाद लेंगे, तो यह संस्कृति से जुड़ने का अद्भुत अनुभव होगा। उन्होंने हरेला, फूलदेई और भिटोली जैसे लोक पर्वों की भी सराहना की।

पीएम मोदी ने कहा कि जमरानी और सौंग बांध परियोजनाएं देहरादून और हल्द्वानी की पेयजल जरूरतों को पूरा करने में अहम भूमिका निभाएंगी। इन योजनाओं पर आठ हजार करोड़ से अधिक खर्च होंगे।

उन्होंने बताया कि आज उत्तराखंड का लगभग हर गांव वैक्सीन कवरेज के दायरे में है। विकास का यह बदलाव सबको साथ लेकर चलने के संकल्प का परिणाम है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि आज का दिन उत्तराखंड के लिए गर्व का है। “25 साल पहले अटल जी ने जो सपना पूरा किया था, आज उस राज्य की रजत जयंती मना रहे हैं। डबल इंजन की सरकार उत्तराखंड को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए प्रतिबद्ध है।”

उन्होंने कहा, “उत्तराखंड से मेरा लगाव बहुत गहरा है। बाबा केदार के दर्शन के बाद मैंने कहा था कि यह दशक उत्तराखंड का है — और मुझे पूरा विश्वास है कि यह वाक्य अब साकार हो रहा है।”

Exit mobile version