Site icon The Mountain People

मुख्यमंत्री धामी बोले – नई शिक्षा नीति से उत्तराखंड बनेगा शोध और नवाचार का अग्रणी केंद्र

 

 

 

हरिद्वार: पतंजलि विश्वविद्यालय में रविवार को आयोजित द्वितीय दीक्षांत समारोह में उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि यह आयोजन पूरे प्रदेश के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार नई शिक्षा नीति (NEP-2020) के प्रभावी क्रियान्वयन के माध्यम से उत्तराखंड को शोध, नवाचार और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के क्षेत्र में अग्रणी राज्य बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड सरकार शिक्षा को भारतीय ज्ञान परंपरा और आधुनिक तकनीक के समन्वय के रूप में आगे बढ़ा रही है। संस्कृति, इतिहास और दर्शन के गहन अध्ययन हेतु दून विश्वविद्यालय में ‘सेंटर फॉर हिंदू स्टडीज’ की स्थापना की गई है। साथ ही, देहरादून में साइंस सिटी, हल्द्वानी में एस्ट्रो पार्क और अल्मोड़ा में साइंस सेंटर विकसित किए जा रहे हैं, जिससे राज्य में वैज्ञानिक अनुसंधान और नवाचार को नई दिशा मिलेगी।

उन्होंने कहा कि पतंजलि विश्वविद्यालय भारतीय शिक्षा, संस्कार और वैज्ञानिक दृष्टिकोण के अद्भुत समन्वय का उदाहरण प्रस्तुत कर रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि “सर्वश्रेष्ठ उत्तराखंड” के निर्माण के इस संकल्प में पतंजलि विश्वविद्यालय के विद्यार्थी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। उन्होंने सभी छात्र-छात्राओं को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं और स्वामी रामदेव तथा आचार्य बालकृष्ण के प्रति आभार व्यक्त किया कि उन्होंने योग और आयुर्वेद को विश्व पटल पर स्थापित किया है।

योग और आयुर्वेद ने दी स्वास्थ्य जगत को नई दिशा : राज्यपाल

दीक्षांत समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेनि) गुरमीत सिंह ने कहा कि पतंजलि विश्वविद्यालय का योगदान योग और आयुर्वेद के क्षेत्र में अभूतपूर्व है। इन प्राचीन भारतीय विधाओं के माध्यम से पतंजलि ने स्वास्थ्य जगत में नई क्रांति का सूत्रपात किया है।

राज्यपाल ने कहा कि यह देखकर प्रसन्नता होती है कि आज के युवा भारतीय ज्ञान परंपरा, योग, आयुर्वेद और अध्यात्म को अपनाने के लिए उत्सुक हैं। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी तभी सफल माने जाएंगे जब उनकी शिक्षा समाज के कल्याण में उपयोगी सिद्ध होगी। भारतीय संस्कृति और परंपरा आज भी अत्यंत प्रासंगिक हैं और यही भावी भारत की मजबूत नींव हैं।

Exit mobile version