देहरादून: मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने गुरुवार को सचिवालय में देहरादून शहर के मोबिलिटी प्लान से संबंधित एकीकृत महानगर परिवहन प्राधिकरण (UMTA) की बैठक ली। बैठक में उन्होंने शहर की यातायात संकुलन योजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को एक माह के भीतर कार्य प्रारंभ करने के निर्देश दिए।
मुख्य सचिव ने कहा कि देहरादून की सड़कों पर यातायात दबाव कम करने और नागरिकों को सुगम यातायात व्यवस्था उपलब्ध कराने के लिए मोबिलिटी प्लान के तहत चिन्हित सुधार स्थलों पर कार्य शीघ्र शुरू किया जाए। उन्होंने यातायात नियमों के उल्लंघन पर एनफोर्समेंट बढ़ाने और इसकी नियमित मॉनिटरिंग जिलाधिकारी देहरादून द्वारा किए जाने के निर्देश दिए, ताकि कार्य तय समय सीमा में पूर्ण हो सकें।
मुख्य सचिव ने कहा कि शहर में नई पार्किंग स्थलों की पहचान और निर्माण कार्य तेज किया जाए। उन्होंने लोक निर्माण विभाग (PWD) को अंडरग्राउंड पार्किंग की संभावनाओं पर कार्य करने को कहा। उन्होंने निर्देश दिए कि सचिवालय, परेड ग्राउंड और चकराता रोड के आसपास अंडरग्राउंड पार्किंग के लिए फिजिबिलिटी स्टडी शीघ्र कराई जाए। साथ ही, सिटी मोबिलिटी प्लान (CMP) में दिए गए सुझावों और नए संभावित पार्किंग स्थलों का स्थलीय निरीक्षण भी किया जाए।
बैठक के दौरान मुख्य सचिव ने इंदिरा मार्केट और आढ़त बाजार परियोजनाओं की प्रगति की भी विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने आढ़त बाजार भूमि आबंटन प्रक्रिया नवंबर तक पूर्ण करने और इसके बाद अग्रेतर कार्यवाही शीघ्र शुरू करने के निर्देश दिए। वहीं, इंदिरा मार्केट के फेज-1 और फेज-2 कार्यों में तेजी लाने के साथ निर्धारित टाइमलाइन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
मुख्य सचिव ने परिवहन विभाग को निर्देश दिए कि नई बसें शीघ्र संचालित की जाएं और जनजागरूकता अभियान के माध्यम से लोगों को यातायात नियमों के प्रति अधिक सजग बनाया जाए।
बैठक में जिलाधिकारी देहरादून सविन बंसल, अपर सचिव विनीत कुमार, रीना जोशी, एमएनए नमामी बंसल, तथा उत्तराखण्ड मेट्रो रेल कॉरपोरेशन के बृजेश कुमार मिश्रा सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

