Site icon The Mountain People

CM धामी ने सरदार पटेल को दी श्रद्धांजलि, कहा-उनका ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ का संदेश सदैव रहेगा प्रेरणास्रोत

 

 

 

 

देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए प्रदेशवासियों को राष्ट्रीय एकता दिवस की शुभकामनाएं दीं।

मुख्यमंत्री ने सरदार पटेल को नमन करते हुए कहा कि देश की एकता और अखंडता की रक्षा में उनका योगदान सदैव अविस्मरणीय रहेगा। उन्होंने कहा कि एकीकृत भारत के निर्माण में सरदार पटेल की कूटनीति, दूरदर्शिता और दृढ़ इच्छाशक्ति ने अहम भूमिका निभाई।

CM धामी ने कहा कि सरदार पटेल ने अपनी अटूट निष्ठा और समर्पण के माध्यम से अखण्ड भारत का सपना साकार किया तथा भारत को एक सशक्त राष्ट्र बनाने का महान कार्य किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरदार पटेल ने हमें ऐसा भारत दिया जिसमें विविधता में एकता की भावना निहित है। उनके आदर्श और योगदान हमेशा देशवासियों के लिए प्रेरणास्रोत रहेंगे।

उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी को सरदार पटेल के आदर्शों से प्रेरणा लेकर देश के सर्वांगीण विकास में योगदान देना चाहिए। यह अवसर हमें राष्ट्र की सेवा के लिए स्वयं को समर्पित करने की प्रेरणा देता है।

मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि वर्ष 2025 सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती वर्ष के रूप में मनाया जा रहा है, जो पूरे देश के लिए गौरव और प्रेरणा का अवसर है। सरदार पटेल का ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ का संदेश आज भी उतना ही प्रासंगिक है जितना उनके समय में था।

Exit mobile version