देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को परेड ग्राउंड, देहरादून में 50वीं सब-जूनियर राष्ट्रीय बास्केटबॉल चैंपियनशिप का विधिवत शुभारंभ किया। 10 अक्टूबर तक चलने वाली इस प्रतियोगिता में देश के 28 राज्यों की 54 टीमें हिस्सा ले रही हैं, जिनमें एक हजार से अधिक बाल खिलाड़ी शामिल हैं। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने बास्केटबॉल फेडरेशन ऑफ इंडिया और उत्तराखंड बास्केटबॉल एसोसिएशन को इस ऐतिहासिक आयोजन के लिए बधाई दी।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि यह पहला अवसर है जब देवभूमि उत्तराखंड में सब-जूनियर नेशनल बास्केटबॉल चैंपियनशिप आयोजित हो रही है। उन्होंने कहा कि खेल केवल मनोरंजन का साधन नहीं बल्कि चरित्र निर्माण, धैर्य, अनुशासन और टीम भावना का माध्यम भी है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में ‘खेलो इंडिया’ और ‘फिट इंडिया मूवमेंट’ जैसी पहल ने देश में खेल संस्कृति को नई दिशा दी है, और भारत आज अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खेल जगत में तेजी से पहचान बना रहा है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि 38वें राष्ट्रीय खेलों के सफल आयोजन के बाद उत्तराखंड खेलभूमि के रूप में उभर रहा है। राज्य में 517 करोड़ रुपये की लागत से विश्वस्तरीय खेल अवसंरचना विकसित की जा रही है। उन्होंने कहा कि राज्य के आठ प्रमुख शहरों में 23 खेल अकादमियों की स्थापना के साथ स्पोर्ट्स लेगेसी प्लान लागू किया जा रहा है।
इसके साथ ही हल्द्वानी में प्रदेश का पहला खेल विश्वविद्यालय तथा लोहाघाट में महिला स्पोर्ट्स कॉलेज स्थापित किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य की नई खेल नीति के तहत खिलाड़ियों को अब आउट ऑफ टर्न सरकारी नौकरी, खिलाड़ी प्रोत्साहन योजना, खेल किट, राज्य स्तरीय पुरस्कार और 4 प्रतिशत खेल कोटा बहाली जैसी अनेक सुविधाएं दी जा रही हैं। हाल ही में राष्ट्रीय खेल दिवस पर उत्कृष्ट खिलाड़ियों को 50-50 लाख रुपये की सम्मान राशि भी प्रदान की गई है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने देहरादून में बास्केटबॉल प्रशिक्षण अकादमी के लिए भूमि चिन्हित करने के निर्देश दिए। साथ ही, उन्होंने हल्द्वानी स्थित खेल विश्वविद्यालय के पास एक और बास्केटबॉल प्रशिक्षण केंद्र स्थापित करने की बात कही। उन्होंने खेल विभाग को निर्देशित किया कि अन्य खेलों की भांति बास्केटबॉल की प्रतियोगिताएं भी नियमित रूप से आयोजित की जाएं।
कार्यक्रम में विधायक खजान दास, उत्तराखंड बास्केटबॉल एसोसिएशन के अध्यक्ष सुशील कुमार, बास्केटबॉल फेडरेशन ऑफ इंडिया के महासचिव कुलविंदर सिंह गिल, उपाध्यक्ष आदित्य चौहान, मंदीप सिंह ग्रेवाल सहित अनेक गणमान्य उपस्थित रहे।

