देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व और सतत निगरानी में प्रदेश में आपदा प्रबंधन एवं राहत कार्य युद्धस्तर पर जारी हैं। भारी बारिश और मलबा आने से प्रदेश में कुल 1827 स्थानों पर सड़कें बाधित हुई थीं, जिनमें से अब तक 1747 सड़कों को खोल दिया गया है, जबकि शेष 80 सड़कों पर कार्यवाही तेजी से जारी है। इस प्रकार 95.62% सड़कों पर यातायात बहाल कर दिया गया है।
आपदा संभावित क्षेत्रों में पहले से ही जेसीबी मशीनें और आवश्यक संसाधन तैनात किए गए थे। सभी अधिकारियों को निर्देश दिए गए थे कि सड़क बंद होते ही तत्काल कार्रवाई शुरू की जाए। परिणामस्वरूप प्रभावित क्षेत्रों में सड़कें तेज़ी से खोली जा रही हैं और लोगों को राहत मिल रही है।
मुख्यमंत्री धामी स्वयं लगातार आपदा प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण कर रहे हैं और राहत व बचाव कार्यों की समीक्षा कर रहे हैं। सरकार ने स्पष्ट किया है कि प्रदेशवासियों की सुरक्षा और सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता है। सड़क, बिजली, पानी और आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति बहाल करने की लगातार निगरानी की जा रही है।
“प्रदेशवासियों की सुरक्षा और सुविधा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। आपदा प्रभावित क्षेत्रों में किसी भी तरह की दिक्कत न हो, इसके लिए सभी विभाग समन्वय बनाकर त्वरित राहत व बचाव कार्य कर रहे हैं।”
— पुष्कर सिंह धामी, मुख्यमंत्री

