Site icon The Mountain People

पौड़ी आपदा प्रभावितों को मिली बड़ी राहत, मुख्यमंत्री धामी के निर्देश पर ₹5-5 लाख की सहायता राशि वितरित

 

 

 

 

 

पौड़ी गढ़वाल:  भारी बारिश और भूस्खलन से प्रभावित पौड़ी जिले के परिवारों को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा घोषित राहत राशि प्रदान कर दी गई है। प्रभावितों ने इसे संकट की घड़ी में बड़ी मदद बताते हुए मुख्यमंत्री का आभार जताया।

मुख्यमंत्री ने 26 अगस्त की शाम को घोषणा की थी कि धराली और थराली की तरह पौड़ी में भी पूर्ण रूप से क्षतिग्रस्त आवासीय भवनों के स्वामियों और मृतकों के परिजनों को ₹5-5 लाख की आर्थिक सहायता दी जाएगी। यह राशि एसडीआरएफ मद और मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से उपलब्ध कराई गई है।

मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए थे कि राहत राशि शीघ्र और पारदर्शिता के साथ लाभार्थियों तक पहुंचे। जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया के त्वरित निर्देशन पर तहसीलदार पौड़ी दीवान सिंह राणा की अगुवाई में राजस्व विभाग की टीम ने शनिवार को प्रभावित परिवारों को चेक वितरित किए।

गौरतलब है कि तहसील पौड़ी के ग्राम सैंजी, बुराँसी, रैदुल, फलद्वाड़ी, क्यार्द, कलूण और मणकोली में 22 आवासीय भवन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए थे, जबकि 6 लोगों की मृत्यु हुई थी। मुख्यमंत्री ने 7 अगस्त को स्वयं प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर त्वरित राहत के निर्देश दिए थे।

प्रभावित परिवारों ने राहत राशि मिलने के बाद कहा कि यह सहयोग उन्हें नए सिरे से जीवन बसाने में मदद करेगा। उन्होंने मुख्यमंत्री धामी का आभार जताते हुए कहा कि सरकार हर कठिन परिस्थिति में उनके साथ मजबूती से खड़ी है।

Exit mobile version