देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को घोषणा की कि 06 अगस्त को पौड़ी में हुई आपदा के प्रभावितों को धराली और थराली की तर्ज पर राहत पैकेज प्रदान किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जिन लोगों के घर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हुए हैं उन्हें ₹5 लाख की आर्थिक सहायता दी जाएगी, जबकि मृतकों के परिजनों को भी ₹5-5 लाख का सहयोग दिया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि इसमें से एसडीआरएफ मानकों के तहत मिलने वाली धनराशि एसडीआरएफ मद से और शेष राशि मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से दी जाएगी। उन्होंने प्रशासन को निर्देश दिए कि प्रभावितों को जल्द से जल्द सहायता राशि उपलब्ध कराई जाए।
सीएम धामी ने कहा,
“यह विपदा की घड़ी है और सरकार हर प्रभावित परिवार के साथ मजबूती से खड़ी है। धराली, थराली, स्यानाचट्टी या पौड़ी—हर जगह राहत और बचाव कार्य युद्धस्तर पर किए गए हैं। आपदा प्रभावित हमारे अपने लोग हैं, उनके पुनर्वास में कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी।”
गौरतलब है कि 06 अगस्त को पौड़ी तहसील के ग्राम सैंजी, पट्टी बाली कण्डारस्यूं और ग्राम रैदुल, पट्टी पैडुलस्यूं में भूस्खलन से भारी नुकसान हुआ था। जिला प्रशासन ने त्वरित कार्रवाई कर प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर ठहराने के साथ भोजन और अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराईं।

