Site icon The Mountain People

जितेंद्र सिंह आत्महत्या प्रकरण : परिजनों ने अंतिम संस्कार से किया इंकार, आरोपी को फांसी और पैसों की वापसी की मांग

 

 

 

पौड़ी गढ़वाल: तलसारी गांव निवासी 32 वर्षीय जितेंद्र सिंह की आत्महत्या का मामला शुक्रवार को और गंभीर हो गया। परिजनों ने शव का अंतिम संस्कार करने से साफ इंकार कर दिया है। उनका कहना है कि जब तक आरोपी हिमांशु चमोली को फांसी की सजा और बाकी आरोपियों पर सख्त कार्रवाई नहीं होती तथा जितेंद्र से हड़पे गए 35 लाख रुपए परिवार को वापस नहीं मिलते, वे अंत्येष्टि नहीं करेंगे।

शव को सड़क पर रखकर विरोध

शुक्रवार सुबह जब अंतिम संस्कार के लिए शव को पैतृक घाट ले जाया जा रहा था, तभी परिजन और ग्रामीण कीर्तिनगर पुल के पास शव रखकर धरने पर बैठ गए। देखते ही देखते बड़ी संख्या में लोग इकट्ठा हो गए। सड़क पर जाम की स्थिति बन गई और विरोध प्रदर्शन तेज हो गया। इस दौरान पुलिस ने समझाने की कोशिश की, लेकिन परिजन अड़े रहे।

आंदोलन की चेतावनी

मृतक के भाई नरेंद्र सिंह ने साफ कहा—“जब तक हमें मुख्यमंत्री की ओर से लिखित आश्वासन और न्याय की गारंटी नहीं मिलेगी, तब तक हम भाई का अंतिम संस्कार नहीं करेंगे।” उन्होंने आरोप लगाया कि यह मामला अंकिता भंडारी प्रकरण की तरह लंबा खिंच सकता है, इसलिए अबकी बार वे आंदोलन से पीछे नहीं हटेंगे।

मौके पर प्रशासन तैनात

स्थिति को गंभीर देखते हुए पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर मौजूद हैं। परिजनों और ग्रामीणों को मनाने की कोशिश की जा रही है, लेकिन अभी तक समाधान नहीं निकल सका है। विरोध में स्थानीय लोगों के साथ उत्तराखंड क्रांति दल (यूकेडी) के कार्यकर्ता भी शामिल हो गए हैं।

आत्महत्या से पहले छोड़ा था वीडियो

बता दें कि जितेंद्र सिंह ने गुरुवार को अपने ही वाहन में आत्महत्या कर ली थी। इससे पहले उन्होंने सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा किया, जिसमें रोते हुए हिमांशु चमोली पर 35 लाख रुपए हड़पने का आरोप लगाया था। वीडियो में उन्होंने साफ कहा था कि इसी आर्थिक दबाव और धोखे के चलते वे आत्महत्या कर रहे हैं।

Exit mobile version