Site icon The Mountain People

‘हाउस ऑफ हिमालयाज’ को 100 करोड़ टर्नओवर का लक्ष्य, हर ब्लॉक में स्मार्ट गांव – सीएम धामी का बड़ा विज़न

 

 

 

देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य की ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त करने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए राज्य के अम्ब्रेला ब्रांड ‘हाउस ऑफ हिमालयाज’ का टर्नओवर वर्ष 2030 तक 100 करोड़ रुपये करने का लक्ष्य तय किया है। मुख्यमंत्री ने इसके उत्पादों को ‘यूनिटी मॉल’ के माध्यम से बाजार तक पहुँचाने की प्रभावी रणनीति पर कार्य करने के निर्देश दिए हैं।

सोमवार को सचिवालय में आयोजित बैठक में मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री उद्यमशाला योजना, ग्रोथ सेंटर योजना, हाउस ऑफ हिमालयाज और सेंटर ऑफ एक्सीलेंस योजना की समीक्षा की और इन्हें ‘गेमचेंजर योजनाएं’ बताते हुए इनके प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर दिया।

मुख्यमंत्री ने प्रत्येक विकासखंड में एक-एक स्मार्ट गांव विकसित करने का निर्देश देते हुए कहा कि इन गांवों में मूलभूत सुविधाएं, रोजगार से जुड़ी योजनाएं, और आधुनिक जीवन शैली को समाहित किया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि योजनाओं को डोर स्टेप डिलीवरी सिस्टम के माध्यम से लोगों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाया जाए।

मुख्यमंत्री ने ग्रामीण उद्यमिता, महिला सशक्तिकरण और रिवर्स पलायन को बढ़ावा देने की दिशा में विशेष प्रयास करने को कहा। उन्होंने कहा कि ग्रोथ सेंटर्स को कौशल विकास और विपणन रणनीतियों से जोड़कर स्थानीय लोगों की आय में वृद्धि की जा सकती है।

सचिव ग्राम्य विकास राधिका झा ने जानकारी दी कि अब तक राज्य में 1.65 लाख महिलाएं ‘लखपति दीदी’ बन चुकी हैं और अगले तीन वर्षों में एक लाख और महिलाओं को इस श्रेणी में लाने का लक्ष्य है। मुख्यमंत्री उद्यमशाला योजना के तहत 15,000 ग्रामीण उद्यमों को सहयोग देने की योजना है। बैठक में ग्राम्य विकास मंत्री गणेश जोशी, मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन, प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु, और अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

यह पहल न केवल उत्तराखंड को आत्मनिर्भर और रोजगारपरक राज्य की ओर ले जाएगी, बल्कि राज्य के स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंचाकर हिमालयी पहचान को वैश्विक मंच पर भी स्थापित करेगी।

Exit mobile version