Site icon The Mountain People

डिजिटल उत्तराखंड: पारदर्शी और सुविधाजनक शासन की ओर बढ़ता एक क्रांतिकारी कदम – सीएम धामी

 

 

 

देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य के डिजिटल भविष्य की दिशा में एक और अहम कदम बढ़ाते हुए ‘डिजिटल उत्तराखंड’ प्लेटफॉर्म को गुड गवर्नेंस की गेमचेंजर पहल बताया है। उन्होंने संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि नागरिक सेवाओं की सरल, सुरक्षित और पारदर्शी उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए तय रोडमैप पर समयबद्ध कार्यवाही की जाए।

मुख्यमंत्री सचिवालय में आयोजित समीक्षा बैठक में इस प्लेटफॉर्म के क्रियान्वयन की प्रगति पर विस्तृत चर्चा की गई। उन्होंने कहा कि यह पहल न केवल राज्य को डिजिटल युग की मुख्यधारा से जोड़ेगी, बल्कि शासन प्रणाली को अधिक पारदर्शी, संवादशील और प्रभावी भी बनाएगी। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि नागरिकों को सेवाएं एक क्लिक में और एकल प्लेटफॉर्म पर प्राप्त हों, यह सुनिश्चित किया जाना चाहिए।

सचिव सूचना प्रौद्योगिकी नितेश झा ने जानकारी दी कि डिजिटल उत्तराखंड प्लेटफॉर्म को राज्य सरकार की सभी योजनाओं और सेवाओं का डिजिटल एकल एक्सेस प्वाइंट बनाया जा रहा है। यह प्लेटफॉर्म डेटा आधारित प्रशासन, दक्षता, और सेवाओं की गुणवत्ता को नया आयाम देगा।

बैठक में मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन, प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु, विश्वास डाबर, श्रीधर बाबू अदांकी, गौरव कुमार, मनोज पंत सहित विभिन्न वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे। सभी ने डिजिटल उत्तराखंड को “ई-गवर्नेंस का भविष्य” बताते हुए इसे सफल बनाने के लिए संयुक्त प्रयासों की प्रतिबद्धता जताई।

यह डिजिटल पहल उत्तराखंड को न केवल तकनीकी रूप से सक्षम राज्य बनाएगी, बल्कि आमजन तक सरकारी सेवाओं की पहुंच को भी और अधिक सहज बनाएगी।

Exit mobile version