Site icon The Mountain People

उत्तरकाशी हादसा: गहरी खाई में गिरी कार, एक महिला की मौत, चार बच्चे समेत छह घायल

 

 

उत्तरकाशी: उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले में मंगलवार को दर्दनाक हादसा हुआ। धरासू थाना क्षेत्र अंतर्गत मरगांव के पास एक मारुति कार अनियंत्रित होकर करीब 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। इस दुर्घटना में एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार बच्चों सहित छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार, वाहन गमरी पीपलखण्डा से पुजारगांव डुण्डा की ओर जा रहा था। हादसे के वक्त कार में सात लोग सवार थे—एक पुरुष, दो महिलाएं और चार बच्चे। मृतका की पहचान वंदना देवी (30), पत्नी मंगल मोहन के रूप में हुई है।

हादसे की सूचना मिलते ही एसडीआरएफ की टीम उपनिरीक्षक मनीष भाकुनी के नेतृत्व में रेस्क्यू उपकरणों के साथ मौके पर पहुंची और स्थानीय पुलिस के सहयोग से राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया।

घायलों में चालक मनीष (28), कविता देवी (29) और बच्चे नंदनी (8), दिव्यम (6), देवांश (4), और दीपक (8) शामिल हैं। सभी को खाई से सुरक्षित निकालकर तत्काल चिन्यालीसौड़ अस्पताल भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है।

यह हादसा एक बार फिर पहाड़ी क्षेत्रों में सावधानीपूर्वक वाहन संचालन की ज़रूरत को रेखांकित करता है। स्थानीय प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।

Exit mobile version