Site icon The Mountain People

देहरादून में ग्राफिक एरा का भव्य दीक्षांत समारोह: गडकरी को मिली डॉक्टरेट की मानद उपाधि

 

 

TMP: देहरादून स्थित ग्राफिक एरा डीम्ड यूनिवर्सिटी में मंगलवार को 12वां दीक्षांत समारोह गरिमामय माहौल में संपन्न हुआ, जिसमें केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विशेष रूप से शिरकत की। इस अवसर पर पीएचडी और अन्य डिग्रियों के साथ विद्यार्थियों को उनके शैक्षणिक प्रयासों के लिए सम्मानित किया गया।

समारोह की सबसे खास बात रही जब नितिन गडकरी को “डॉक्टरेट ऑफ साइंस” की मानद उपाधि से सम्मानित किया गया। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों को न केवल शुभकामनाएं दीं, बल्कि जीवन और करियर के लिए प्रेरणादायक मार्गदर्शन भी दिया।

गडकरी ने युवाओं को दिया आत्मनिर्भरता का मंत्र

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि देश के युवा आज दुनिया में अपनी प्रतिभा से नई पहचान बना रहे हैं। भारत के पास सबसे बड़ा युवा शक्ति संसाधन है और ये युवा ‘नौकरी मांगने वाले नहीं, नौकरी देने वाले’ बनें। उन्होंने कहा कि ईमानदारी, विश्वसनीयता और लगातार सीखने की ललक ही सफलता की कुंजी है।

गडकरी ने कहा कि बीते वर्षों में भारत ने ब्रिज, टनल, हाइवे और ग्रीन एनर्जी के क्षेत्र में अनेक कीर्तिमान रचे हैं। उन्होंने बताया कि वे स्वयं हाइड्रोजन पर चलने वाली कार का उपयोग करते हैं और ऑर्गेनिक वेस्ट से हाइड्रोजन बनाने की तकनीक पर सरकार तेजी से काम कर रही है।

मुख्यमंत्री धामी का अभिनंदन, आधुनिक भारत के ‘विश्वकर्मा’ को किया संबोधित

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गडकरी को आधुनिक भारत का विश्वकर्मा बताते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में देशभर में सड़क और लॉजिस्टिक सेक्टर में क्रांतिकारी बदलाव हुए हैं।

मुख्यमंत्री ने युवाओं को आह्वान किया कि वे अपने ज्ञान, कौशल और नवाचार का उपयोग विकसित भारत के निर्माण में करें। उन्होंने बताया कि उत्तराखंड में नई शिक्षा नीति के तहत AI, ML, बिग डेटा जैसे आधुनिक कोर्स संचालित किए जा रहे हैं।

राज्य में साइंस सेंटर, इन्क्यूबेशन हब, और स्टार्टअप कल्चर को प्रोत्साहित किया जा रहा है ताकि युवा फ्यूचर-रेडी बन सकें। साथ ही उत्तराखंड में देश का सबसे सख्त नकल विरोधी कानून लागू कर तीन वर्षों में 23,000 से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी दी गई है।

इस समारोह में उच्च शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट, विधायक मुन्ना सिंह चौहान, ग्राफिक एरा के अध्यक्ष प्रो. कमल घनसाला, कुलपति प्रो. नरपिंदर सिंह और नीति आयोग के सदस्य डॉ. वी. के. सारस्वत समेत कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

यह दीक्षांत समारोह न केवल शैक्षणिक उपलब्धियों का उत्सव था, बल्कि विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की निर्णायक भूमिका को रेखांकित करने वाला एक सशक्त मंच भी बना।

Exit mobile version