Site icon The Mountain People

CM धामी का सख्त संदेश: भ्रष्टाचार, धर्मांतरण और अतिक्रमण पर चलेगा बुलडोजर

 

 

 

देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को मुख्यमंत्री आवास में आयोजित उच्चस्तरीय बैठक में प्रशासनिक अधिकारियों को स्पष्ट और कड़े निर्देश जारी किए। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई निरंतर और निर्णायक होनी चाहिए। इसके लिए टोल फ्री नम्बर 1064 का अधिकतम प्रचार-प्रसार कर आम नागरिकों को भी इस अभियान से जोड़ा जाए।

मुख्यमंत्री ने धर्मांतरण के मामलों को अत्यंत गंभीरता से लेते हुए अब तक की गई कार्रवाई की विस्तृत रिपोर्ट तलब की और अधिकारियों को संदिग्ध गतिविधियों पर तुरंत और सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

दस्तावेज़ी सत्यापन की प्रक्रिया पर विशेष ध्यान देते हुए सीएम ने स्पष्ट किया कि आधार कार्ड एवं अन्य सरकारी दस्तावेज जारी करने से पहले सही तरीके से सत्यापन जरूरी है, और यदि कोई व्यक्ति गलत दस्तावेज जारी करता है तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।

मुख्यमंत्री ने अतिक्रमण के खिलाफ चल रहे अभियान को और तेज करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन भूमियों को अतिक्रमण से मुक्त कराया जा चुका है, उन पर पुनः कब्जा न होने पाए, यह सुनिश्चित किया जाए। साथ ही शत्रु संपत्तियों पर हुए अतिक्रमण का आंकलन कर विस्तृत रिपोर्ट पेश करने को भी कहा गया।

धामी ने अधिकारियों से कहा कि सरकारी भवनों के निर्माण में स्थानीय श्रमिकों को प्राथमिकता दी जाए, साथ ही भवनों की डिज़ाइन में उत्तराखंड की सांस्कृतिक पहचान और पारंपरिक पर्वतीय वास्तुशैली का समावेश किया जाए।

बॉर्डर क्षेत्रों की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत करते हुए सघन चेकिंग अभियान चलाने के भी निर्देश दिए गए, ताकि किसी भी संभावित खतरे को समय रहते रोका जा सके।

 

Exit mobile version