Site icon The Mountain People

देशभर में मौसम ने बदली करवट: कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट

 

 

TMP: देश के विभिन्न हिस्सों में मौसम तेजी से बदल रहा है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने कई राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश को लेकर चेतावनी जारी की है। कुछ क्षेत्रों में गरज-चमक और तेज बारिश के आसार हैं, तो कुछ इलाकों में भीषण गर्मी और लू का प्रकोप जारी है।

पूर्व और पूर्वोत्तर भारत में भारी बारिश का पूर्वानुमान
मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, हिमालयी पश्चिम बंगाल और पूर्वोत्तर भारत में अगले 5 से 6 दिनों तक गरज, बिजली और तेज बारिश की संभावना है। कुछ स्थानों पर बहुत भारी बारिश भी हो सकती है, जिससे जनजीवन प्रभावित हो सकता है।

दिल्ली-एनसीआर और उत्तर भारत में राहत की संभावना
दिल्ली-एनसीआर और उत्तर प्रदेश में भी अगले कुछ दिनों में मौसम खराब रह सकता है। इन क्षेत्रों में बारिश और तेज हवाओं के चलते गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है। दिल्ली-एनसीआर में अगले 6 दिनों तक रुक-रुक कर बारिश हो सकती है। आज के लिए आंधी और बारिश का विशेष अलर्ट जारी किया गया है। पंजाब और हरियाणा में भी धूलभरी आंधी और हल्की बारिश की संभावना जताई गई है।

मध्य प्रदेश में मिलाजुला मौसम
मध्य प्रदेश में मौसम का मिला-जुला असर देखने को मिलेगा। कुछ जिलों में गरज-चमक और बारिश हो सकती है, जबकि अन्य क्षेत्रों में लू और गर्मी का प्रभाव बना रहेगा।

दक्षिण भारत में भारी बारिश की चेतावनी
तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में 20 मई तक भारी बारिश का अनुमान है। वहीं, केरल, माहे, तटीय कर्नाटक और उत्तर आंतरिक कर्नाटक में 24 मई तक तेज बारिश हो सकती है। तटीय आंध्र प्रदेश और यनम में भी 20 से 22 मई के बीच बारिश की संभावना जताई गई है।

बिहार में तेज बारिश और आंधी का अलर्ट
बिहार में 19 से 24 मई तक भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। इस दौरान गरज, बिजली और 30–50 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। खासकर उत्तर और पूर्व बिहार में मौसम की गतिविधियां तेज रहने की संभावना है। अधिकतम तापमान 34 से 36 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा, लेकिन बारिश के कारण उमस में वृद्धि हो सकती है।

Exit mobile version