TMP: टिहरी गढ़वाल के जौनपुर क्षेत्र को विकास योजनाओं की नई सौगात मिली है। गुरुवार को थत्यूड़ में आयोजित नौवें जौनपुर महोत्सव का मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र के लिए 52.55 करोड़ रुपये की 26 विकास योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इनमें 30.50 करोड़ रुपये से अधिक की 11 योजनाओं का लोकार्पण और 22.04 करोड़ रुपये से अधिक की 15 योजनाओं का शिलान्यास शामिल है।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने थत्यूड़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को उप जिला चिकित्सालय के रूप में उच्चीकृत करने की घोषणा की। इसके अलावा सड़क निर्माण, बाढ़ सुरक्षा और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी योजनाओं को लेकर भी कई घोषणाएं की गईं।
स्वास्थ्य, सड़क और बाढ़ सुरक्षा पर विशेष जोर
मुख्यमंत्री ने धनौल्टी-मोरियाणा-नागटिब्बा मोटर मार्ग के निर्माण को स्वीकृति देने की घोषणा की। जौनपुर विकासखंड में पालीगाड़ से थत्यूड़ बाजार तक आबादी क्षेत्र की बाढ़ सुरक्षा के लिए 273 लाख रुपये और भवन बाजार के आबादी वाले हिस्से की सुरक्षा के लिए 4 करोड़ 72 लाख रुपये की स्वीकृति देने की बात कही।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पर्वतीय क्षेत्रों में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं, सड़क संपर्क और बुनियादी ढांचे का विकास सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। इन सुविधाओं के विस्तार से स्थानीय लोगों को अपने क्षेत्र में ही बेहतर सेवाएं मिल सकेंगी।
टिहरी झील को पर्यटन के बड़े केंद्र के रूप में विकसित करने की तैयारी
महोत्सव को संबोधित करते हुए सीएम धामी ने कहा कि टिहरी और आसपास के क्षेत्रों में पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं। करीब 1300 करोड़ रुपये की लागत से टिहरी झील और आसपास के इलाकों को विशेष पर्यटन क्षेत्र के रूप में विकसित करने की दिशा में काम किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि टिहरी झील के चारों ओर रिंग रोड का निर्माण किया जा रहा है। इसके साथ ही कयाकिंग, कैनोइंग और पैराग्लाइडिंग जैसी साहसिक गतिविधियों को बढ़ावा दिया जा रहा है। कद्दूखाल में 8 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से पार्किंग निर्माण का कार्य भी कराया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कैम्पटी-चड़ोगी मोटर मार्ग पर करीब 6 करोड़ रुपये की लागत से भूस्खलन सुरक्षा कार्य पूरा होने और 10 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से सड़क परिवर्तन एवं डामरीकरण कार्य किए जाने की जानकारी भी दी।
स्थानीय उत्पादों और स्वरोजगार से पलायन रोकने पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि पहाड़ों से पलायन रोकने के लिए स्थानीय स्तर पर रोजगार और स्वरोजगार के अवसर विकसित करना जरूरी है। इसके लिए कृषि, उद्यानिकी, पर्यटन और स्थानीय उत्पादों को बाजार से जोड़ने पर काम किया जा रहा है।
उन्होंने हाउस ऑफ हिमालयाज ब्रांड का उल्लेख करते हुए बताया कि इसकी बिक्री 6 करोड़ रुपये से अधिक हो चुकी है। इसके अलावा स्टेट मिलेट मिशन, एप्पल मिशन, फार्म मशीनरी बैंक, होमस्टे और नई पर्यटन नीति के माध्यम से स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के प्रयास किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने दावा किया कि सरकार के प्रयासों से रिवर्स पलायन में 44 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है।
35 हजार से अधिक युवाओं को मिली सरकारी नौकरी
मुख्यमंत्री ने भर्ती प्रक्रियाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदेश में सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया गया है और अब तक 35 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी सेवाओं में नियुक्तियां दी गई हैं। उन्होंने खेलो इंडिया और फिट इंडिया जैसे अभियानों का जिक्र करते हुए कहा कि राज्य सरकार खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए भी लगातार काम कर रही है।
साहित्यकार को मिला जौनपुर रत्न सम्मान
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने ग्राम सभा पापरा निवासी साहित्यकार देवेंद्र प्रसाद चमोली को गढ़वाली भाषा में रामायण और महाभारत जैसे महत्वपूर्ण ग्रंथों के अनुवाद तथा लोकभाषा के संरक्षण में योगदान के लिए ‘जौनपुर रत्न’ सम्मान प्रदान किया।
वहीं ग्राम सभा साबली के प्रगतिशील किसान कबूल चंद पुंडीर के कृषि एवं उद्यानिकी क्षेत्र में किए जा रहे नवाचारों की भी सराहना की। उन्होंने सेब, अदरक, कीवी, केसर, फूलों, आलू और रोजमैरी की खेती के माध्यम से स्वरोजगार को बढ़ावा देने के उनके प्रयासों को प्रेरणादायी बताया।
कार्यक्रम में स्थानीय विधायक प्रीतम सिंह पंवार, ब्लॉक प्रमुख सीता पंवार सहित जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे।

