हरक सिंह रावत के बयान पर नंदप्रयाग में उबाल, भाजपा कार्यकर्ताओं ने फूंका पुतला

 

 

 

 

चमोली/देहरादून: भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट को लेकर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व कैबिनेट मंत्री हरक सिंह रावत की कथित आपत्तिजनक टिप्पणी ने राजनीतिक विवाद खड़ा कर दिया है। बयान के विरोध में चमोली के नंदप्रयाग में भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने प्रदर्शन कर हरक सिंह रावत का पुतला दहन किया।

प्रदर्शनकारियों ने हरक सिंह रावत के बयान को महेंद्र भट्ट के साथ ही नंदप्रयाग और घाट क्षेत्र के लोगों का अपमान बताते हुए कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने मांग की कि हरक सिंह रावत अपने बयान पर सार्वजनिक रूप से माफी मांगें।

भाजपा कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि हरक सिंह रावत चमोली जिले में आते हैं तो उनका विरोध किया जाएगा। प्रदर्शन के दौरान कुछ लोगों ने उन्हें जूते की माला पहनाने की भी चेतावनी दी।

व्यक्तिगत टिप्पणी पर बढ़ा सियासी टकराव

प्रदर्शन में शामिल भाजपा नेताओं ने कांग्रेस पर मुद्दों की राजनीति छोड़कर व्यक्तिगत टिप्पणियों का सहारा लेने का आरोप लगाया। उनका कहना था कि राजनीतिक विरोध अपनी जगह है, लेकिन किसी व्यक्ति या क्षेत्र की जनता के खिलाफ अभद्र भाषा का इस्तेमाल स्वीकार नहीं किया जा सकता।

इस घटनाक्रम ने उत्तराखंड में भाजपा और कांग्रेस के बीच जुबानी जंग को और तेज कर दिया है। अब देखना होगा कि हरक सिंह रावत इस विरोध और माफी की मांग पर क्या प्रतिक्रिया देते हैं।

(Visited 1 times, 1 visits today)