नगला तराई की रामलीला में पहुंचे सीएम धामी, बोले- श्रीराम के आदर्शों से मिलेगी सही राह

 

 

 

 

खटीमा : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को नगला तराई में आयोजित रामलीला में भाग लिया। इस दौरान उन्होंने भगवान श्रीराम के जीवन और उनके आदर्शों को आत्मसात करने की अपील की। मुख्यमंत्री ने कहा कि श्रीराम का चरित्र मर्यादा, नैतिकता और एकजुटता का संदेश देता है। उनके आदर्शों को अपनाकर समाज में बेहतर मूल्यों को मजबूत किया जा सकता है।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान को सुरक्षित रखने के लिए राज्य सरकार की ओर से किए जा रहे प्रयासों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में केदारनाथ पुनर्निर्माण के साथ केदारखंड और मानसखंड के मंदिरों के जीर्णोद्धार का काम आगे बढ़ाया जा रहा है।

धार्मिक विरासत और सांस्कृतिक पहचान पर जोर

धामी ने कहा कि देवभूमि की परंपराओं और सांस्कृतिक धरोहरों का संरक्षण सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने प्रदेश की पवित्रता और पहचान बनाए रखने के संदर्भ में अवैध अतिक्रमण तथा छद्म वेशधारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की बात भी कही।

केंद्र की योजनाओं का किया उल्लेख

मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में बीते 12 वर्षों के दौरान किए गए कार्यों का जिक्र करते हुए कहा कि गरीब परिवारों को पक्के मकान, घरों तक नल से जल और गैस कनेक्शन उपलब्ध कराने की दिशा में काम हुआ है। उन्होंने आयुष्मान योजना के तहत पांच लाख रुपये तक के मुफ्त इलाज, महिलाओं के लिए लखपति दीदी और ड्रोन दीदी योजनाओं तथा युवाओं के कौशल विकास से जुड़े प्रयासों का उल्लेख किया।

उन्होंने किसानों को किसान सम्मान निधि से मिलने वाली सहायता, सैनिकों को आधुनिक सुविधाएं, सर्जिकल और एयर स्ट्राइक जैसी सैन्य कार्रवाइयों तथा पूर्व सैनिकों के लिए वन रैंक, वन पेंशन व्यवस्था को भी प्रमुख उपलब्धियों के रूप में गिनाया।

(Visited 10 times, 1 visits today)