छात्र संघ चुनाव में ABVP की जीत, भाजपा बोली- युवाओं ने सरकार के फैसलों पर जताया भरोसा

 

 

 

 

देहरादून : उत्तराखंड के छात्र संघ चुनावों में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) को मिली जीत पर भाजपा ने बधाई दी है। पार्टी का दावा है कि प्रदेश के कॉलेजों में करीब 85 प्रतिशत सीटों पर एबीवीपी की जीत युवाओं के बीच उसके विचारों और सरकार की युवा केंद्रित नीतियों के समर्थन का संकेत है।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट ने उत्तराखंड के सबसे बड़े महाविद्यालय डीएवी पीजी कॉलेज समेत प्रदेशभर में विद्यार्थी परिषद के विजयी प्रत्याशियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने डीएवी में एबीवीपी प्रत्याशी नवदीप राणा की जीत पर भी बधाई दी।

भाजपा ने जीत को सरकार की नीतियों से जोड़ा

महेंद्र भट्ट ने कहा कि छात्र संघ चुनाव के नतीजे युवाओं के बीच सांस्कृतिक राष्ट्रवाद और विकास को लेकर समर्थन को दर्शाते हैं। उन्होंने दावा किया कि केंद्र और राज्य सरकार की ओर से रोजगार, युवा कल्याण और पारदर्शी व्यवस्था को लेकर किए जा रहे प्रयासों को छात्र समुदाय का समर्थन मिला है।

उन्होंने कहा कि युवाओं के सर्वांगीण विकास के लिए युवा आयोग के गठन समेत कई योजनाओं पर सरकार काम कर रही है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि युवा विकसित उत्तराखंड के निर्माण से जुड़ी ठोस पहल की अपेक्षा रखते हैं।

विपक्ष पर भी साधा निशाना

भट्ट ने छात्र संघ चुनाव के नतीजों को विपक्ष के लिए भी संदेश बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ ताकतें युवाओं को उम्र और वर्ग के आधार पर बांटकर नकारात्मक राजनीति करने का प्रयास करती हैं।

उन्होंने कहा कि छात्र-युवाओं ने ऐसे प्रयासों को स्वीकार नहीं किया और एबीवीपी के पक्ष में मतदान किया।

नव निर्वाचित छात्र नेताओं को दी शुभकामनाएं

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने प्रदेशभर में निर्वाचित सभी छात्र संघ पदाधिकारियों और एबीवीपी कार्यकर्ताओं को बधाई दी। उन्होंने उम्मीद जताई कि नए छात्र संघ छात्र हितों के साथ-साथ अपने-अपने संस्थानों की प्रतिष्ठा और शैक्षणिक माहौल को बेहतर बनाने के लिए काम करेंगे।

 

 

 

(Visited 12 times, 3 visits today)