ऋषिकेश के सेवा पखवाड़ा में उमड़ा जनसैलाब, 20 हजार से अधिक लोगों ने लिया सरकारी योजनाओं का लाभ

 

 

 

 

ऋषिकेश: राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि.) और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को आईडीपीएल ग्राउंड, ऋषिकेश में आयोजित ‘सेवा पखवाड़ा’ कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। कार्यक्रम में 20 हजार से अधिक लोगों ने हिस्सा लिया। विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे नागरिकों ने पुष्पवर्षा कर राज्यपाल और मुख्यमंत्री का स्वागत किया तथा मुख्यमंत्री को उनके कार्यकाल के पांच वर्ष पूर्ण होने पर बधाई दी।

सेवा पखवाड़ा के तहत आयोजित बहुउद्देशीय शिविर में देहरादून, हरिद्वार और टिहरी के विभिन्न विभागों ने संयुक्त रूप से सेवाएं प्रदान कीं। ‘इंटीग्रेटेड एफर्ट’ (एकीकृत प्रयास) के तहत आमजन की समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया गया और पात्र लाभार्थियों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ दिया गया।

कार्यक्रम में लगाए गए विभागीय स्टॉलों पर लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ-साथ मौके पर ही आवेदन और लाभ प्रदान किए गए, जिससे नागरिकों को एक ही स्थान पर कई विभागों की सेवाएं प्राप्त हुईं।

1009 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण, मुफ्त इलाज

विशाल स्वास्थ्य शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों ने 1009 मरीजों का परीक्षण एवं उपचार किया। इनमें 212 हड्डी रोगी, 70 स्त्री रोगी तथा 81 नेत्र, नाक और कान (ईएनटी) के मरीज शामिल रहे। इसके अलावा 13 बच्चों का टीकाकरण, 15 आयुष्मान कार्ड और 20 आभा कार्ड बनाए गए। शिविर में 95 एक्स-रे, 70 रक्त जांचें तथा आयुष विभाग द्वारा 310 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर निःशुल्क दवाएं वितरित की गईं। वहीं 23 दिव्यांग प्रमाणपत्रों का ऑनलाइन पंजीकरण भी किया गया।

75 पेंशन स्वीकृत, 280 दिव्यांगजनों को मिले सहायक उपकरण

समाज कल्याण विभाग ने शिविर के दौरान विधवा, वृद्धावस्था और दिव्यांग पेंशन के 75 मामलों को मौके पर स्वीकृति दी, जबकि 10 यूडीआईडी कार्ड भी जारी किए गए। इसके साथ ही 280 दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण वितरित किए गए।

कृषि, उद्यान, उद्योग, डेयरी, मत्स्य, रेशम, पशुपालन और लीड बैंक सहित विभिन्न विभागों ने 1,200 से अधिक लाभार्थियों को अपनी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया।

उत्कृष्ट कार्य करने वालों का हुआ सम्मान

कार्यक्रम के दौरान राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले लघु उद्योगों, स्वयं सहायता समूहों और सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को सम्मानित किया।

सहकारिता विभाग के तहत पंजीकृत पांच स्वयं सहायता समूहों को उत्कृष्ट कार्य के लिए प्रत्येक को ₹5 लाख की पुरस्कार राशि प्रदान की गई।

वहीं, कौशल विकास एवं सेवायोजन विभाग के माध्यम से प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद अल्मोड़ा, देहरादून और टिहरी के तीन युवाओं का जापान में रोजगार के लिए चयन होने पर उन्हें सम्मानित किया गया। चयनित युवाओं को लगभग एक लाख रुपये प्रतिमाह के पैकेज पर रोजगार मिला है।

इसके अलावा मत्स्य विभाग के एक, उद्यान विभाग के एक, उद्योग विभाग के तीन तथा डेयरी विभाग के एक लाभार्थी को अपने-अपने क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य के लिए राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने सम्मानित किया।

(Visited 4 times, 1 visits today)