ऋषिकेश: टिहरी गढ़वाल के गूलर घाटी में हुए भीषण बस हादसे के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी मंगलवार को एम्स ऋषिकेश पहुंचे। यहां उन्होंने दुर्घटना में घायल यात्रियों से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना और जल्द स्वस्थ होने की कामना की।
मुख्यमंत्री ने अस्पताल में उपचाराधीन घायलों की स्वास्थ्य स्थिति के बारे में चिकित्सकों से जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं और उनके इलाज में किसी भी तरह की लापरवाही न हो।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार हादसे से प्रभावित लोगों और उनके परिजनों के साथ खड़ी है। घायलों के उपचार के साथ ही प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं।
मुख्यमंत्री के साथ राज्यसभा सांसद एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट भी मौजूद रहे।

