TMP: उत्तराखंड में महिलाओं और बालिकाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के लिए सरकार ने योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाने की तैयारी की है। महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने विभागीय समीक्षा बैठक में अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ देने में देरी न हो। उन्होंने लंबित आवेदनों का शीघ्र निस्तारण करने और आर्थिक सहायता समय पर जारी करने को कहा।
बैठक में मुख्यमंत्री एकल महिला स्वरोजगार योजना के तहत वित्तीय वर्ष 2025-26 और 2026-27 की प्रगति की समीक्षा की गई। इसमें लाभार्थियों के स्वरोजगार कार्यों, आवेदनों की स्थिति और लंबित मामलों पर चर्चा हुई।
मंत्री ने बताया कि वर्ष 2026-27 के सभी पात्र आवेदनों को जल्द अंतिम रूप दिया जाएगा। इसके बाद दिसंबर के पहले सप्ताह तक पात्र महिलाओं को योजना की पहली किस्त जारी कर दी जाएगी। उन्होंने कहा कि आर्थिक सहायता मिलने से महिलाएं स्वरोजगार शुरू कर आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ सकेंगी।
पात्र बालिकाओं को भी मिलेगा आवेदन का मौका
समीक्षा बैठक में बालिकाओं से जुड़ी योजनाओं पर भी चर्चा हुई। मंत्री रेखा आर्या ने बताया कि योजना का लाभ पाने से रह गई पात्र बालिकाओं के लिए जल्द ही नई विज्ञप्ति जारी की जाएगी। उन्होंने पात्र बालिकाओं से 30 नवंबर तक ऑनलाइन आवेदन करने की अपील की, ताकि कोई भी जरूरतमंद बेटी सरकारी सहायता से वंचित न रहे।
जल्द कैबिनेट में आएगी मुख्यमंत्री बाल समृद्धि योजना
बैठक में मंत्री ने मुख्यमंत्री बाल समृद्धि योजना को लेकर भी अहम जानकारी दी। उन्होंने बताया कि योजना का विभागीय प्रस्ताव तैयार कर लिया गया है और फिलहाल वित्त विभाग के स्तर पर विचाराधीन है। जल्द ही इसे कैबिनेट के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा।
रेखा आर्या ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार महिलाओं, बालिकाओं और बच्चों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। सरकार का प्रयास है कि जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ सही व्यक्ति तक समय पर पहुंचे और महिलाएं आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने के साथ बच्चों को बेहतर भविष्य दे सकें।

