TMP : दीपावली के अवसर पर केदारनाथ धाम में भव्य सजावट की गई है। बाबा केदार के मंदिर और परिसर को करीब 18 से 20 क्विंटल रंग-बिरंगे फूलों से सजाया गया है। फूलों से सजा मंदिर परिसर श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। वहीं, धाम के रक्षक भगवान भुकुंट भैरवनाथ के मंदिर के कपाट धार्मिक परंपराओं के अनुसार शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए हैं।
श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के सदस्य डॉ. विनीत चंद्र पोस्ती ने बताया कि दीपावली के अवसर पर विधि-विधान के साथ भुकुंट भैरवनाथ के कपाट बंद किए गए। इस दौरान स्थानीय हक-हकूकधारी, तीर्थ पुरोहित, मंदिर समिति के सदस्य और पुलिस-प्रशासन के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।
11 नवंबर को शीतकाल के लिए विराम लेंगे बाबा केदार
भुकुंट भैरवनाथ के कपाट बंद होने के साथ ही केदारनाथ धाम में शीतकालीन कपाट बंदी से जुड़ी धार्मिक प्रक्रिया भी आगे बढ़ गई है। अब आगामी 11 नवंबर को बाबा केदारनाथ के कपाट विधि-विधान के साथ शीतकाल के लिए बंद किए जाएंगे।
डॉ. पोस्ती ने श्रद्धालुओं से दीपोत्सव के अवसर पर केदारनाथ पहुंचकर दीप प्रज्वलित करने और आस्था के साथ पर्व मनाने की अपील की। उन्होंने मंदिर की धार्मिक मर्यादा और पवित्रता बनाए रखने के साथ ही धाम में अनुशासन रखने का आग्रह भी किया।

