अमित शाह की रैली में 40 हजार की भीड़ जुटाने का BJP का दावा, चुनावी रणनीति को मिलेगी धार

 

 

 

देहरादून: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के उत्तराखंड दौरे को लेकर भाजपा ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। पार्टी ने उनकी जनसभा में 35 से 40 हजार लोगों के जुटने का दावा किया है। भाजपा नेताओं का कहना है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह का उत्तराखंड से विशेष लगाव रहा है। उनके दौरे से न केवल कार्यकर्ताओं में उत्साह बढ़ेगा, बल्कि आगामी चुनावों की रणनीति को भी मजबूती मिलेगी।

भाजपा प्रदेश मुख्यालय में मीडिया से बातचीत करते हुए प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार ने कहा कि अमित शाह के उत्तराखंड आगमन को लेकर जनता और पार्टी कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह है। उन्होंने हरिद्वार में हाल ही में आयोजित शाह के कार्यक्रम का जिक्र करते हुए दावा किया कि वहां एक लाख से अधिक लोग पहुंचे थे। इसी उत्साह के चलते आगामी जनसभा में भी 35 से 40 हजार लोगों की भागीदारी की उम्मीद है।

परिहार ने कहा कि राज्य स्थापना दिवस के समारोह के बीच गृह मंत्री का दौरा प्रदेशवासियों के उत्साह को और बढ़ाएगा। भाजपा की ओर से आयोजित ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ जनसभा को सफल बनाने के लिए संगठन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। उन्होंने दावा किया कि अमित शाह का संबोधन प्रदेश की राजनीतिक दिशा और चुनावी रणनीति को नई धार देगा।

डेमोग्राफी और घुसपैठ का मुद्दा भी रहेगा अहम

वहीं, प्रदेश महामंत्री तरुण बंसल ने कहा कि अमित शाह के विचारों और मार्गदर्शन को सुनने के लिए उत्तराखंड की जनता उत्सुक रहती है। उन्होंने कहा कि सीमावर्ती राज्य होने के कारण उत्तराखंड की आंतरिक सुरक्षा और जनसांख्यिकीय संरचना का संरक्षण महत्वपूर्ण विषय है।

बंसल ने दावा किया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार डेमोग्राफी संरक्षण की दिशा में ऐतिहासिक कदम उठा रही है। उन्होंने इन नीतियों को अमित शाह के विजन और संकल्पों से प्रेरित बताया। साथ ही कहा कि देशभर में घुसपैठ के खिलाफ केंद्र सरकार की कार्रवाई से उत्तराखंड में भी सुरक्षा को लेकर विश्वास मजबूत हुआ है।

भाजपा नेताओं के बयानों से साफ है कि अमित शाह के इस दौरे में जनसभा के जरिए शक्ति प्रदर्शन के साथ-साथ डेमोग्राफी, घुसपैठ, सीमाओं की सुरक्षा और आगामी चुनावी रणनीति जैसे मुद्दे भी राजनीतिक विमर्श के केंद्र में रहेंगे।

(Visited 10 times, 10 visits today)