Site icon The Mountain People

BJP प्रदेश महामंत्री ने कांग्रेस के आधिकारिक पेज पर कथित अपमानजनक टिप्पणी पर जताई नाराजगी, चकराता ऑडियो प्रकरण की निष्पक्ष जांच की भी उठाई मांग

 

 

 

देहरादून: उत्तराखंड में महिलाओं को लेकर सोशल मीडिया पर की गई एक पोस्ट को लेकर भाजपा ने कांग्रेस पर निशाना साधा है। भाजपा की प्रदेश महामंत्री दीप्ति रावत भारद्वाज ने कांग्रेस के आधिकारिक सोशल मीडिया पेज पर महिलाओं की पदयात्रा की तुलना बंदरों के वीडियो से किए जाने की निंदा की। उन्होंने इसे प्रदेश की मातृशक्ति का अपमान बताते हुए कांग्रेस नेतृत्व से सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की।

दीप्ति रावत भारद्वाज ने कहा कि विरोध के बाद पोस्ट हटाना पर्याप्त नहीं है और कांग्रेस को इस मामले में अपनी जिम्मेदारी स्वीकार करनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि महिला सम्मान की बात करने वाली कांग्रेस के आधिकारिक पेज पर इस तरह की सामग्री सामने आना उसके दावों पर सवाल खड़े करता है।

तीलू रौतेली और गौरा देवी का किया उल्लेख

भाजपा नेता ने कहा कि उत्तराखंड की पहचान वीरांगना तीलू रौतेली, गौरा देवी और बिश्नी देवी शाह जैसी साहसी महिलाओं से है। राज्य आंदोलन से लेकर खेती-किसानी, पर्यावरण संरक्षण और खेल जगत तक महिलाओं ने अपने योगदान से प्रदेश का गौरव बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि महिलाओं के प्रति सम्मान केवल भाषणों तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि राजनीतिक दलों के आचरण में भी दिखाई देना चाहिए।

उन्होंने कांग्रेस से सवाल किया कि महिला सम्मान उसके लिए सिद्धांत है या केवल राजनीतिक मुद्दा। साथ ही कहा कि देवभूमि की महिलाओं के सम्मान और सुरक्षा से जुड़े मामलों को गंभीरता से लिया जाना चाहिए।

चकराता ऑडियो प्रकरण की निष्पक्ष जांच की मांग

दीप्ति रावत भारद्वाज ने चकराता ऑडियो प्रकरण का जिक्र करते हुए बेटियों पर कथित राजनीतिक दबाव, गाली-गलौज और धमकी से जुड़े आरोपों को गंभीर बताया। उन्होंने प्रीतम सिंह से इस मामले में स्थिति स्पष्ट करने की मांग की। साथ ही प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने और शिकायतकर्ता परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की अपील की।

भाजपा प्रदेश महामंत्री ने कहा कि उनकी पार्टी महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और सशक्तीकरण के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कांग्रेस नेतृत्व से सोशल मीडिया पोस्ट और चकराता ऑडियो प्रकरण, दोनों मामलों पर स्पष्ट जवाब देने की मांग की।

 

Exit mobile version