Site icon The Mountain People

उत्तराखंड: चार दिवंगत पत्रकारों के परिजनों को ₹5-5 लाख की मदद की संस्तुति

 

 

 

देहरादून। उत्तराखंड में पत्रकार कल्याण कोष और मुख्यमंत्री पत्रकार सम्मान पेंशन योजना के तहत आर्थिक सहायता से जुड़े मामलों की समीक्षा की गई। सूचना महानिदेशक बंशीधर तिवारी की अध्यक्षता में सूचना निदेशालय में हुई बैठक में चार दिवंगत पत्रकारों के आश्रितों को ₹5-5 लाख की आर्थिक सहायता देने की संस्तुति की गई। वहीं, गंभीर बीमारी से ग्रसित एक वरिष्ठ पत्रकार के उपचार के लिए भी ₹5 लाख की सहायता प्रस्तावित की गई है।

बैठक में मुख्यमंत्री पत्रकार सम्मान पेंशन योजना के तहत चार वरिष्ठ पत्रकारों को ₹8,000 प्रतिमाह पेंशन दिए जाने की संस्तुति भी की गई। बैठक मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के क्रम में आयोजित हुई। इसमें विभिन्न प्रकरणों की समीक्षा कर पत्रकारों और उनके परिजनों को सहायता उपलब्ध कराने से जुड़े मामलों पर विचार किया गया।

पत्रकारों और उनके परिजनों की मदद पर जोर

सूचना महानिदेशक बंशीधर तिवारी ने कहा कि राज्य सरकार पत्रकारों के कल्याण, सम्मान और सहायता के लिए प्रतिबद्ध है। सूचना विभाग संकटग्रस्त पत्रकारों और उनके आश्रितों को नियमानुसार सहायता उपलब्ध कराने के लिए कार्य कर रहा है।

उन्होंने कहा कि पत्रकार कल्याण से जुड़े मामलों पर नियमित रूप से समिति की बैठकें आयोजित की जा रही हैं, ताकि पात्र पत्रकारों और उनके परिजनों की जरूरतों पर संवेदनशीलता के साथ विचार कर उन्हें सहायता उपलब्ध कराई जा सके।

 

Exit mobile version