गैरसैंण में 27 अक्टूबर को कांग्रेस का शक्ति प्रदर्शन, 14 मुद्दों पर घेरेगी धामी सरकार

 

 

 

देहरादून : उत्तराखंड कांग्रेस 27 अक्टूबर को गैरसैंण में विधानसभा का घेराव करेगी। प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल के नेतृत्व में प्रस्तावित यह प्रदर्शन सुबह 10:30 बजे शुरू होगा। पार्टी ने भाजपा सरकार की नीतियों, भ्रष्टाचार, बेरोजगारी और जनहित से जुड़े मुद्दों को लेकर आंदोलन का ऐलान किया है।

प्रदेश कांग्रेस महासचिव राजेंद्र भंडारी के मुताबिक, घेराव में अंकिता भंडारी को न्याय दिलाने, निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग प्रमुखता से उठाई जाएगी। इसके अलावा ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान, भर्ती परीक्षाओं में पेपर लीक पर रोक और युवाओं के लिए पारदर्शी भर्ती व्यवस्था की मांग की जाएगी।

कांग्रेस स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार, पर्वतीय क्षेत्रों में डॉक्टरों की उपलब्धता, सरकारी स्कूलों को बंद होने से बचाने और शिक्षा व्यवस्था मजबूत करने का मुद्दा भी उठाएगी। पार्टी ने जमीनों पर कथित अवैध कब्जों, भ्रष्टाचार, कमीशनखोरी, अवैध खनन और शराब की दुकानों के अनियंत्रित विस्तार पर रोक लगाने की मांग भी शामिल की है।

महिला सुरक्षा, कानून-व्यवस्था, पर्यावरण संरक्षण और युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने जैसे मुद्दे भी प्रदर्शन का हिस्सा होंगे। कांग्रेस ने कहा है कि घेराव के जरिए प्रदेश की जनता से जुड़े सवालों पर सरकार को जवाबदेह बनाने की मांग की जाएगी।

(Visited 5 times, 5 visits today)