देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेशवासियों को विजयदशमी और दशहरा पर्व की बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। विजयदशमी की पूर्व संध्या पर जारी संदेश में उन्होंने कहा कि यह पर्व अधर्म पर धर्म, बुराई पर अच्छाई और असत्य पर सत्य की विजय का प्रतीक है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि दशहरा हमें अपने भीतर की बुराइयों को त्यागने और सदाचार के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। उन्होंने प्रदेशवासियों से अहंकार से दूर रहकर सत्य का साथ देने और राज्य व देश में सामाजिक समरसता बनाए रखने के लिए मिलजुलकर काम करने का आह्वान किया।
धामी ने कहा कि विजयदशमी का पर्व यह संदेश देता है कि अंततः सत्य की जीत होती है। उन्होंने लोगों से भगवान श्रीराम की शिक्षाओं को अपने जीवन में अपनाने की अपील करते हुए सभी के सुख, समृद्धि और कल्याण की कामना की। मुख्यमंत्री ने प्रार्थना की कि विजयदशमी का यह पावन पर्व हर घर में खुशहाली लाए और प्रदेशवासियों के जीवन में सुख-समृद्धि का संचार करे।

