CM धामी ने 38 विकास कार्यों का किया शिलान्यास-लोकार्पण, सड़क, शिक्षा और सिंचाई परियोजनाओं पर जोर

 

 

 

उत्तरकाशी: उत्तरकाशी के पुरोला विधानसभा क्षेत्र में विकास योजनाओं को गति देने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बर्नीगाड़ में करीब 217 करोड़ रुपये की लागत के 38 विकास कार्यों का शिलान्यास और लोकार्पण किया। इनमें 30 योजनाओं का शिलान्यास और आठ का लोकार्पण शामिल है। मुख्यमंत्री ने राजकीय महाविद्यालय बर्नीगाड़ का भी शुभारंभ किया, जिससे क्षेत्र के विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के अवसर मिलेंगे।

राजकीय इंटर कॉलेज बर्नीगाड़ (कुंवा) में सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित सेवा सेतु जनसेवा शिविर में पहुंचे मुख्यमंत्री ने क्षेत्र के लिए कई घोषणाएं भी कीं। उन्होंने राजकीय महाविद्यालय के स्थायी भवन और परिसर का निर्माण जल्द शुरू कराने, राजा रघुनाथ देवडोकरी में मिनी स्टेडियम बनाने तथा बर्नीगाड़ थाला चौक से राजकीय इंटर कॉलेज तक मोटर मार्ग निर्माण की घोषणा की। इसके अलावा राजकीय महाविद्यालय बड़कोट और चिन्यालीसौड़ को उच्चीकृत करने तथा डाडा गांव छानी से टटाऊ तक प्रस्तावित पुल और सड़क का काम जल्द पूरा कराने की बात कही।

PMGSY की 18 परियोजनाओं पर 176 करोड़ से अधिक खर्च

मुख्यमंत्री ने 194 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाले 30 कार्यों का शिलान्यास किया। इनमें प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) के पुरोला खंड की 18 परियोजनाओं पर करीब 176.87 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। लोक निर्माण विभाग पुरोला के पांच कार्यों पर छह करोड़ रुपये, बड़कोट खंड के चार कार्यों पर 6.61 करोड़ रुपये और सिंचाई विभाग के तीन कार्यों पर 5.12 करोड़ रुपये की लागत प्रस्तावित है।

वहीं, 22 करोड़ रुपये से अधिक की लागत के आठ कार्यों का लोकार्पण किया गया। इनमें PMGSY की तीन परियोजनाएं, समग्र शिक्षा के तीन कार्य और लोक निर्माण एवं माध्यमिक शिक्षा विभाग के एक-एक कार्य शामिल हैं। इन योजनाओं से सड़क संपर्क, सिंचाई और शैक्षिक सुविधाओं को मजबूती मिलने की उम्मीद है।

सरकारी दफ्तरों के चक्कर कम करना है लक्ष्य

मुख्यमंत्री ने जनसेवा शिविर में विभिन्न विभागों के स्टॉलों का निरीक्षण किया और लाभार्थियों को चेक व उपकरण वितरित किए। उन्होंने अधिकारियों से सरकारी योजनाओं की प्रगति और लोगों को मिल रहे लाभों की जानकारी भी ली।

धामी ने कहा कि सरकार का उद्देश्य योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। सेवा सेतु अभियान के जरिए प्रशासन को जनता के बीच पहुंचाकर समस्याओं का समाधान करने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि लोगों को छोटे-छोटे कार्यों के लिए बार-बार तहसील और जिला मुख्यालय न जाना पड़े।

कॉलेज, सड़क और पर्यटन से रोजगार की उम्मीद

मुख्यमंत्री ने कहा कि सड़क संपर्क और बुनियादी सुविधाओं का विस्तार होने से क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार व स्वरोजगार के नए अवसर खुलेंगे। बर्नीगाड़ में राजकीय महाविद्यालय शुरू होने को उन्होंने क्षेत्र की उच्च शिक्षा के लिए महत्वपूर्ण कदम बताया। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय के लिए भूमि उपलब्ध है और स्थायी परिसर का निर्माण जल्द शुरू कराया जाएगा।

महिला सशक्तीकरण से भर्ती प्रक्रिया तक सरकार की उपलब्धियां गिनाईं

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में 3.10 लाख से अधिक महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से महिलाएं हथकरघा, हस्तशिल्प, सिलाई-बुनाई और स्थानीय उत्पादों के जरिए अपनी आय बढ़ा रही हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री महालक्ष्मी योजना, मुख्यमंत्री एकल महिला स्वरोजगार योजना और सरकारी सेवाओं में महिलाओं के लिए 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण का भी उल्लेख किया।

धामी ने बताया कि राज्य में पिछले पांच वर्षों में 35 हजार से अधिक युवाओं को पारदर्शी भर्ती प्रक्रियाओं के माध्यम से सरकारी नौकरी मिली है। उन्होंने नकल विरोधी कानून को भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।

चारधाम यात्रा और बुनियादी सुविधाओं पर जोर

मुख्यमंत्री ने चारधाम यात्रा में इस वर्ष 59 लाख से अधिक श्रद्धालुओं के दर्शन करने का उल्लेख करते हुए कहा कि यात्रियों की सुरक्षा और सुविधाएं सरकार की प्राथमिकता हैं। उन्होंने समान नागरिक संहिता, सख्त भू-कानून, धर्मांतरण विरोधी कानून और दंगा रोधी कानून का भी जिक्र किया। उनके अनुसार, राज्य में 13 हजार एकड़ से अधिक भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराया गया है।

कार्यक्रम में पुरोला विधायक दुर्गेश्वर लाल ने मुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए कहा कि महाविद्यालय का शुभारंभ और विकास योजनाओं की शुरुआत क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण है।

(Visited 21 times, 1 visits today)