Site icon The Mountain People

मोदी के 25 साल: हरकी पैड़ी पर धामी कैबिनेट ने की गंगा आरती

 

 

 

हरिद्वार: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सरकार प्रमुख के रूप में 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को हरकी पैड़ी पर मां गंगा की पूजा-अर्चना की। इस दौरान उन्होंने मंत्रिमंडल के सहयोगियों के साथ गंगा आरती में भाग लेकर प्रधानमंत्री के अच्छे स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना की। साथ ही देश और उत्तराखंड की सुख-समृद्धि तथा निरंतर प्रगति के लिए मां गंगा से आशीर्वाद मांगा।

प्रधानमंत्री मोदी ने 7 अक्टूबर 2001 को गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी। गुजरात के मुख्यमंत्री और देश के प्रधानमंत्री के तौर पर सरकार का नेतृत्व करते हुए उन्होंने 25 वर्ष पूरे किए हैं। इस अवसर पर धामी ने राष्ट्र की उन्नति, जनकल्याण और विकसित भारत के संकल्प की सफलता की प्रार्थना की।

गंगा तट पर हुई धामी कैबिनेट की बैठक

गंगा पूजन और आरती के बाद हरिद्वार के मेला नियंत्रण भवन में प्रदेश मंत्रिमंडल की बैठक आयोजित की जा रही है। गंगा नगरी में कैबिनेट बैठक का आयोजन राज्य सरकार की उस पहल का हिस्सा है, जिसके तहत प्रदेश के अलग-अलग जिलों में मंत्रिमंडल की बैठकें कर स्थानीय जरूरतों और विकास से जुड़े मुद्दों को शासन के केंद्र में लाने का प्रयास किया जा रहा है।

जिलों तक शासन पहुंचाने की पहल

राज्य सरकार का कहना है कि विभिन्न जनपदों में कैबिनेट बैठकें आयोजित करने से क्षेत्रीय समस्याओं, स्थानीय विकास और जनहित के विषयों पर सीधे शासन स्तर पर चर्चा का अवसर मिलता है। इससे पहले चम्पावत जिले के बनबसा में भी मंत्रिमंडल की बैठक आयोजित की गई थी, जिसमें राज्यहित से जुड़े कई निर्णय लिए गए थे।

हरिद्वार में बैठक के आयोजन को भी इसी क्रम में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। अब इस बैठक में लिए जाने वाले फैसलों पर नजर रहेगी कि वे प्रदेश के विकास और जनहित से जुड़े किन मुद्दों को आगे बढ़ाते हैं।

Exit mobile version