आंध्र प्रदेश में असम की युवती की संदिग्ध मौत, मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा ने रेल मंत्री से मांगी जांच

 

 

 

 

गुवाहाटी: आंध्र प्रदेश में असम की 20 वर्षीय नर्तकी हिमाश्री बोरो की मौत का मामला सामने आने के बाद जांच को लेकर मांग तेज हो गई है। ट्रेन यात्रा के दौरान लापता हुई हिमाश्री का शव जंगल में मिला। मामले की गंभीरता को देखते हुए असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू और केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मामले की निष्पक्ष और समयबद्ध जांच कराने का आग्रह किया है।

मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया पर साझा पत्र में घटना पर दुख जताते हुए कहा कि पूरी सच्चाई सामने आनी चाहिए और यदि कोई दोषी पाया जाता है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। असम सरकार ने स्थानीय पुलिस के साथ समन्वय स्थापित करने के लिए अपने एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी को भी आंध्र प्रदेश भेजा है।

डांस ग्रुप के साथ आंध्र प्रदेश गई थीं हिमाश्री

कामरूप जिले की निवासी हिमाश्री एक असमिया डांस ग्रुप के साथ आंध्र प्रदेश गई थीं। समूह में आठ महिलाएं और दो पुरुष शामिल थे। जानकारी के मुताबिक, उन्हें 9 अक्टूबर को गुवाहाटी में एसबीआई की भर्ती परीक्षा देनी थी और इसके लिए वापस लौटना था।

बताया गया है कि 6 अक्टूबर को विवेक एक्सप्रेस (22503) में सफर के दौरान उनका संपर्क टूट गया। परिजनों के अनुसार, यात्रा के लिए उनका टिकट वेटिंग लिस्ट में था और कन्फर्म नहीं हुआ था। इसके बावजूद उन्होंने ट्रेन से सफर किया।

दोस्त को फोन पर बताई थी परेशानी

परिवार और दोस्तों का कहना है कि यात्रा के दौरान हिमाश्री उनसे लगातार संपर्क में थीं। उन्होंने अपनी दोस्त ज्योति चौधरी को फोन पर बताया था कि कोच में कुछ युवक कथित तौर पर उनके साथ अनुचित व्यवहार कर रहे हैं और अश्लील इशारे कर रहे हैं।

दावों के मुताबिक, हिमाश्री ने अपने परिचितों को एक वीडियो भी भेजा था, जिसमें वह घबराई हुई दिखाई दे रही थीं। उनकी दोस्त ने स्थिति को गंभीर मानते हुए रेलवे हेल्पलाइन 139 पर संपर्क कर सूचना देने की बात कही है।

इसके बाद हिमाश्री से बातचीत नहीं हो सकी। परिजनों के मुताबिक, उनका फोन बज रहा था, लेकिन कॉल का जवाब नहीं मिला। बाद में जंगल से उनका शव बरामद होने की सूचना मिली।

मौत की परिस्थितियों की जांच जरूरी

हिमाश्री की मौत के पीछे की परिस्थितियों और ट्रेन यात्रा के दौरान उनके साथ कथित तौर पर हुई घटना के बीच संबंध की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। असम सरकार ने मामले में निष्पक्ष जांच की मांग उठाई है, जबकि स्थानीय पुलिस घटना की पड़ताल में जुटी है।

इस घटना ने हिमाश्री के परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। परिजन उनकी पार्थिव देह के असम पहुंचने का इंतजार कर रहे हैं।

(Visited 20 times, 20 visits today)