Site icon The Mountain People

हरिद्वार से गुजरात तक रेल कनेक्शन मजबूत, 3 बड़ी रेल सेवाओं को मंजूरी

 

 

 

देहरादून: हरिद्वार आने-जाने वाले यात्रियों के लिए रेलवे से बड़ी खबर है। केंद्र सरकार ने हरिद्वार की रेल कनेक्टिविटी बढ़ाने के लिए तीन महत्वपूर्ण सेवाओं को मंजूरी दी है। इनमें एक मौजूदा गरीब रथ ट्रेन का हरिद्वार तक विस्तार और दो नई एसी एक्सप्रेस ट्रेनें शामिल हैं।

रेल मंत्रालय ने बांद्रा टर्मिनस–दिल्ली सराय रोहिल्ला गरीब रथ एक्सप्रेस को हरिद्वार तक बढ़ाने की स्वीकृति दी है। इसके साथ ही हरिद्वार–वेरावल एसी एक्सप्रेस और हरिद्वार–ओखा एसी एक्सप्रेस चलाने को भी मंजूरी मिली है।

हरिद्वार से वेरावल और ओखा तक सीधा सफर

नई एसी एक्सप्रेस सेवाओं से हरिद्वार का गुजरात के प्रमुख क्षेत्रों से रेल संपर्क और मजबूत होगा। धार्मिक यात्रा के साथ पर्यटन और लंबी दूरी के यात्रियों के लिए भी इन ट्रेनों से यात्रा के नए विकल्प उपलब्ध होंगे।

वहीं गरीब रथ के हरिद्वार तक विस्तार से दिल्ली और हरिद्वार के बीच रेल यात्रा करने वाले यात्रियों को अतिरिक्त सुविधा मिलेगी।

तीर्थयात्रा और पर्यटन को मिलेगा कनेक्शन का फायदा

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को पत्र के जरिए इन फैसलों की जानकारी दी है। इसके बाद मुख्यमंत्री धामी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रेल मंत्री का आभार जताया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड की धार्मिक और पर्यटन गतिविधियों के लिए मजबूत रेल नेटवर्क बेहद महत्वपूर्ण है। नई रेल सेवाओं से तीर्थयात्रियों, पर्यटकों, व्यापारियों, विद्यार्थियों और आम यात्रियों को आवागमन में सुविधा मिलने की उम्मीद है।

उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के सहयोग से उत्तराखंड में रेल सेवाओं का विस्तार लगातार किया जा रहा है। बेहतर कनेक्टिविटी से प्रदेश की पर्यटन और आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिल सकता है।

Exit mobile version