Site icon The Mountain People

बाजपुर के एकलव्य स्कूल को मिलेगा नया स्वरूप, केंद्रीय मंत्री ने बच्चों से जाना भविष्य का सपना

 

 

 

 

बाजपुर। केंद्रीय जनजातीय कार्य मंत्री जुएल ओराम ने शुक्रवार को ऊधम सिंह नगर के बाजपुर स्थित एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों से सीधे संवाद कर उनकी पढ़ाई, रुचियों और भविष्य की योजनाओं के बारे में जानकारी ली। मंत्री ने विद्यालय को आधुनिक सुविधाओं से लैस कर बेहतर शिक्षण संस्थान के रूप में विकसित करने पर जोर दिया।

गांधी जयंती के अवसर पर केंद्रीय मंत्री ने महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री को पुष्पांजलि अर्पित की। इसके बाद उन्होंने विद्यार्थियों, शिक्षकों और विद्यालय से जुड़े लोगों के साथ स्वच्छता अभियान में हिस्सा लिया। कार्यक्रम में स्वच्छता शपथ दिलाई गई और ‘एक पेड़ मां के नाम’ पहल के तहत पौधरोपण भी किया गया।

बच्चों से पूछा- क्या बनना चाहते हो?

विद्यार्थियों से बातचीत के दौरान जुएल ओराम ने उनकी पढ़ाई और पसंद के विषयों के साथ-साथ भविष्य के सपनों के बारे में भी जानकारी ली। उन्होंने बच्चों को नियमित पढ़ाई करने और उपलब्ध अवसरों का उपयोग कर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

उन्होंने विद्यालय में विद्यार्थियों की ओर से लगाए गए कचरा पृथक्करण, अपशिष्ट प्रबंधन, सतत विकास और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े प्रदर्शनों का भी निरीक्षण किया।

स्कूल को सैनिक स्कूल-नवोदय जैसी सुविधाओं की दिशा में विकसित करने पर जोर

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि जनजातीय क्षेत्र के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और समान अवसर उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि बाजपुर के एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय को आवश्यक संसाधनों और आधुनिक सुविधाओं से मजबूत करने का प्रयास किया जाएगा।

उनके मुताबिक विद्यालय में ऐसा शैक्षणिक माहौल तैयार करने पर जोर रहेगा, जिससे यह आगे चलकर सैनिक स्कूल और जवाहर नवोदय विद्यालय जैसी संस्थाओं के स्तर की सुविधाओं और शैक्षणिक गुणवत्ता की दिशा में आगे बढ़ सके।

स्वच्छता को बताया रोजमर्रा की जिम्मेदारी

जुएल ओराम ने विद्यार्थियों से विद्यालय के साथ-साथ अपने घर और गांव में भी स्वच्छता व पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने की अपील की। उन्होंने कहा कि स्वच्छता को केवल अभियान के तौर पर नहीं, बल्कि दैनिक जीवन की आदत और जिम्मेदारी के रूप में अपनाया जाना चाहिए।

कार्यक्रम में जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शशानी, विद्यालय के प्रधानाचार्य, शिक्षक-कर्मचारी, जिला प्रशासन के अधिकारी और स्थानीय समुदाय के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

केंद्रीय मंत्री जुएल ओराम उत्तराखंड के चार दिवसीय दौरे पर हैं। दौरे के दौरान वे जनजातीय शिक्षा और कल्याण से जुड़े कार्यक्रमों के साथ अन्य आयोजनों में भी शामिल होंगे।

Exit mobile version