उत्तरकाशी: उच्च हिमालयी क्षेत्र में चल रहे साहसिक अभियान के दौरान फंसे ट्रैकर्स और अन्य सदस्यों में से 40 लोगों को सोमवार को सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया गया। रेस्क्यू किए गए सभी सदस्यों को निर्धारित प्रक्रिया के तहत सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाया गया।
रेस्क्यू किए गए लोगों में कालिंदी पास बेस क्षेत्र से 11 और ऑडिन कोल बेस क्षेत्र से 29 सदस्य शामिल हैं। इस तरह दोनों क्षेत्रों से कुल 40 लोगों को सुरक्षित निकाला गया।
जिलाधिकारी प्रशांत आर्य के निर्देशन में रेस्क्यू अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान हर्षिल समेत विभिन्न पड़ावों पर तैनात टीमों के बीच आवश्यक समन्वय बनाए रखा गया और बचाव कार्य को आगे बढ़ाया गया।
स्मार्ट कंट्रोल रूम से DM ने लिया रेस्क्यू का अपडेट
शाम को जिलाधिकारी स्मार्ट कंट्रोल रूम पहुंचे और रेस्क्यू अभियान की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने अभियान में जुटी सभी टीमों को तत्परता से काम करने और जरूरी संसाधनों के साथ समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने इसके साथ ही चारधाम यात्रा की व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की। उन्होंने यात्रा मार्ग पर यातायात व्यवस्था सुचारु रखने और यात्रियों को उपलब्ध कराई जा रही अन्य सेवाओं को दुरुस्त बनाए रखने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।

