देहरादून: सफाई कर्मचारियों के अधिकारों, सुरक्षा और कल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन को लेकर राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी आयोग के अध्यक्ष भगवत प्रसाद मकवाना ने देहरादून में अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बीजापुर गेस्ट हाउस में हुई बैठक में सफाई कर्मचारियों की समस्याओं और उनके लिए संचालित सरकारी योजनाओं की प्रगति पर चर्चा की गई।
अध्यक्ष ने कहा कि सफाई कर्मचारी और पर्यावरण मित्र शहरों को स्वच्छ रखने में अहम भूमिका निभाते हैं। इसलिए उनकी सुरक्षा, सम्मान और अधिकारों की रक्षा प्रशासन की प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को कर्मचारियों की शिकायतों का संवेदनशीलता के साथ समयबद्ध समाधान करने और पात्र कर्मचारियों को केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ दिलाने के निर्देश दिए।
सीवर और सेप्टिक टैंक में मैनुअल एंट्री पर जोर
मकवाना ने हाथ से मैला उठाने वाले कर्मियों के नियोजन का प्रतिषेध और उनका पुनर्वास अधिनियम के प्रभावी पालन पर विशेष जोर दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी पर्यावरण मित्र को सेप्टिक टैंक या सीवर में मैनुअल तरीके से उतरने की स्थिति नहीं आनी चाहिए।
उन्होंने सफाई व्यवस्था में आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल बढ़ाने के निर्देश दिए। मैनहोल को ‘मशीन होल’ के रूप में विकसित करने के साथ सीवर सफाई में आधुनिक मशीनों, रोबोटिक तकनीक और अन्य यांत्रिक संसाधनों के उपयोग पर जोर दिया गया।
PPE किट और सुरक्षा प्रशिक्षण अनिवार्य करने पर जोर
अध्यक्ष ने कहा कि प्रत्येक पर्यावरण मित्र को सफाई कार्य से जुड़े सुरक्षा मानकों, तकनीकी जानकारी और आपात स्थिति से निपटने का प्रशिक्षण दिया जाना चाहिए। साथ ही कर्मचारियों को नियमित रूप से गुणवत्तापूर्ण PPE किट उपलब्ध कराने और इसकी निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने पर्यावरण मित्रों की वेतन व्यवस्था की समीक्षा कर वेतन बढ़ाने का प्रस्ताव शासन को भेजने तथा न्यूनतम वेतन सुनिश्चित करने की दिशा में कार्रवाई करने को कहा। कर्मचारियों को वेतन और अन्य देयकों का भुगतान समय पर करने के साथ सफाई उपकरणों और PPE किट की खरीद के लिए पर्याप्त बजट रखने के निर्देश भी दिए गए।
बीमा और बच्चों की शिक्षा पर भी जोर
मकवाना ने सफाई कर्मचारियों के लिए जीवन बीमा और स्वास्थ्य बीमा की सुविधाओं को मजबूत करने तथा अधिक से अधिक पात्र कर्मचारियों को इनसे जोड़ने के निर्देश दिए। उन्होंने कर्मचारियों के बच्चों की शिक्षा के लिए सहायता और फंड की व्यवस्था से संबंधित प्रस्ताव तैयार करने को भी कहा।
NAMASTE योजना से जोड़ने के निर्देश
अध्यक्ष ने National Action for Mechanised Sanitation Ecosystem (NAMASTE) योजना का दायरा बढ़ाने और अधिक से अधिक पर्यावरण मित्रों को इससे जोड़ने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि योजना के जरिए सफाई कर्मचारियों की सुरक्षा के साथ उनके परिवारों के सामाजिक और आर्थिक सशक्तिकरण पर भी काम किया जाना चाहिए।
उन्होंने कर्मचारियों के परिजनों को कौशल विकास और स्वरोजगार योजनाओं से जोड़ने के लिए प्रभावी कार्ययोजना बनाने को कहा। साथ ही सभी पात्र सफाई कर्मचारियों का स्पष्ट रिकॉर्ड तैयार करने और उन्हें पहचान पत्र उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
मकवाना ने कहा कि सफाई कर्मचारियों से जुड़े अधिकारों, सुरक्षा और कल्याण की व्यवस्थाओं की नियमित समीक्षा होनी चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि कर्मचारियों की सुरक्षा और सम्मान से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाना चाहिए।

