हल्द्वानी में भाजपा की बड़ी बैठक, नितिन नवीन के दौरे से पहले सियासी पारा चढ़ा
The Mountain People
हल्द्वानी: रामपुर रोड स्थित विंटेज गार्डन में बुधवार को भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति की बैठक शुरू हो गई। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट समेत पार्टी के वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी बैठक में शामिल हुए।
बैठक में संगठन की आगामी रणनीति, राजनीतिक एजेंडे और आने वाली चुनौतियों पर मंथन किया जा रहा है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के दोपहर करीब तीन बजे बैठक स्थल पहुंचने की संभावना है। उनके संबोधन को लेकर कार्यकर्ताओं में उत्साह नजर आया।
नितिन नवीन के दौरे का कांग्रेस ने किया विरोध
वहीं, नितिन नवीन के हल्द्वानी पहुंचने से पहले कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया। यूथ कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष विशाल भोजक के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने बुद्ध पार्क में प्रदर्शन कर ‘नितिन नवीन वापस जाओ’ के नारे लगाए।
कांग्रेसियों ने आरोप लगाया कि कुछ माह पहले उत्तर प्रदेश में भाजपा के एक रोड शो के दौरान भगवान हनुमान की वेशभूषा में मौजूद व्यक्ति के हाथ में भाजपा का झंडा लहराने की घटना हुई थी। प्रदर्शनकारियों ने इसे धार्मिक भावनाओं से जोड़ते हुए विरोध जताया।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ता संविधान की प्रति लेकर भी पहुंचे और नितिन नवीन के उत्तराखंड दौरे पर सवाल उठाए।