Site icon The Mountain People

कुंभ 2027 से पहले केंद्र का बड़ा फैसला, उत्तराखंड को मिला 8 हजार मीट्रिक टन अतिरिक्त अनाज

 

 

 

 

देहरादून: हरिद्वार में प्रस्तावित कुंभ मेला-2027 के मद्देनजर केंद्र सरकार ने उत्तराखंड के लिए अतिरिक्त खाद्यान्न का कोटा मंजूर किया है। राज्य को कुल 8,029.152 मीट्रिक टन गेहूं और चावल अतिरिक्त आवंटित किए गए हैं।

केंद्रीय उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्रालय की ओर से जारी आवंटन के तहत उत्तराखंड को 3,051.079 मीट्रिक टन गेहूं और 4,978.073 मीट्रिक टन चावल मिलेगा। यह अतिरिक्त खाद्यान्न कुंभ मेले के दौरान बड़ी संख्या में पहुंचने वाले श्रद्धालुओं और आयोजन से जुड़ी आवश्यकताओं को देखते हुए महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

NFSA के तहत मिलता है अतिरिक्त कोटा

केंद्र के प्रावधानों के अनुसार कुंभ जैसे बड़े धार्मिक आयोजनों के लिए संबंधित राज्य को राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम (NFSA) के तहत निर्धारित वार्षिक खाद्यान्न आवंटन के अधिकतम दो प्रतिशत तक अतिरिक्त अनाज दिया जा सकता है।

इसी व्यवस्था के तहत उत्तराखंड सरकार ने केंद्र से कुंभ मेले के लिए अतिरिक्त गेहूं और चावल उपलब्ध कराने का अनुरोध किया था। केंद्र की मंजूरी के बाद राज्य को अतिरिक्त कोटा मिल गया है।

सीएम धामी ने जताया पीएम मोदी का आभार

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अतिरिक्त खाद्यान्न उपलब्ध कराने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्र सरकार का आभार जताया। उन्होंने कहा कि कुंभ मेला-2027 को भव्य, सुव्यवस्थित और श्रद्धालु हितैषी बनाने के लिए तैयारियां लगातार आगे बढ़ाई जा रही हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए सभी संबंधित विभागों को अपनी तैयारियां समयबद्ध तरीके से पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं। खाद्यान्न का अतिरिक्त आवंटन भी मेले की व्यवस्थाओं को मजबूत करने की दिशा में एक अहम कदम है।

Exit mobile version