Site icon The Mountain People

तुर्किये-पाकिस्तान की बढ़ती दोस्ती के बीच भारत ने अर्मेनिया संग बढ़ाया कदम, मोदी-पशिन्यान की अहम मुलाकात

 

 

 

नई दिल्ली:  तुर्किये और पाकिस्तान के बीच बढ़ते सैन्य सहयोग के बीच भारत ने अर्मेनिया के साथ रणनीतिक और द्विपक्षीय रिश्तों को मजबूत करने की दिशा में कदम तेज कर दिए हैं। इसी क्रम में बिश्केक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अर्मेनिया के प्रधानमंत्री निकोल पशिन्यान के बीच अहम द्विपक्षीय बैठक हुई।

बैठक में रक्षा, व्यापार, अर्थव्यवस्था, फार्मा, खनन, शिक्षा और संस्कृति समेत कई क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर चर्चा हुई। दोनों नेताओं ने हाल के वर्षों में द्विपक्षीय सहयोग के विस्तार पर संतोष जताते हुए दोनों देशों के बीच विशेष मित्रता और गर्मजोशी वाले संबंधों को और मजबूत करने की प्रतिबद्धता दोहराई।

प्रधानमंत्री मोदी ने पशिन्यान को उनकी चुनावी जीत और पदभार संभालने पर बधाई दी। दोनों नेताओं ने पश्चिम एशिया सहित विभिन्न क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर भी विचार साझा किए। पीएम मोदी ने क्षेत्र में शांति और स्थिरता के लिए संवाद और कूटनीति के जरिए लगातार प्रयास किए जाने की जरूरत पर जोर दिया।

भारत-अर्मेनिया संबंधों में रक्षा सहयोग को खास महत्व दिया जा रहा है। इससे पहले विदेश मंत्री एस. जयशंकर भी अर्मेनिया की यात्रा कर चुके हैं। अर्मेनिया के तुर्किये के साथ लंबे समय से तनावपूर्ण संबंध रहे हैं, जिसकी ऐतिहासिक पृष्ठभूमि प्रथम विश्व युद्ध के दौरान ओटोमन साम्राज्य के हाथों अर्मेनियाई लोगों के बड़े पैमाने पर नरसंहार से जुड़ी है।

ऐसे समय में मोदी-पशिन्यान की यह बैठक भारत और अर्मेनिया के बीच बढ़ते रणनीतिक सहयोग के लिहाज से महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

Exit mobile version