देहरादून: उत्तराखंड में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) की प्रक्रिया को लेकर शनिवार को अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे की अध्यक्षता में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक हुई। बैठक में SIR की प्रगति, प्रक्रिया की पारदर्शिता और राजनीतिक दलों के सुझावों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में बताया गया कि ड्राफ्ट रोल में शामिल करीब 71 लाख मतदाताओं में से अनमैप्ड और विसंगति वाले लगभग 24 लाख मतदाताओं को नोटिस जारी किए गए थे। इनमें से 15 लाख से अधिक नोटिसों की सुनवाई पूरी हो चुकी है, जबकि शेष मामलों पर कार्रवाई जारी है।
9 वरिष्ठ अधिकारी निगरानी में तैनात
अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को बताया कि SIR की पूरी प्रक्रिया निर्धारित नियमों के अनुसार संचालित की जा रही है। प्रक्रिया को और अधिक पारदर्शी एवं प्रभावी बनाने के लिए 9 वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों को पर्यवेक्षण अधिकारी के रूप में अतिरिक्त जिम्मेदारी दी गई है।
उन्होंने कहा कि लंबित मामलों पर नियमानुसार कार्रवाई आगे बढ़ाई जा रही है और पूरी प्रक्रिया में निर्धारित प्रावधानों का पालन सुनिश्चित किया जा रहा है।
बैठक में विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने SIR से जुड़े विषयों पर अपने सुझाव और विचार रखे। निर्वाचन विभाग की ओर से प्रतिनिधियों को प्रक्रिया से संबंधित आवश्यक जानकारी भी उपलब्ध कराई गई।

