देहरादून: उत्तराखंड में मौसम का मिजाज लगातार तल्ख बना हुआ है। धूप और बादलों की आंख-मिचौनी के बीच प्रदेश के कई हिस्सों में तेज बारिश का दौर जारी है। देहरादून समेत कई क्षेत्रों में अचानक हुई भारी बारिश से जनजीवन प्रभावित हुआ है।
पहाड़ी क्षेत्रों में बारिश के चलते भूस्खलन का खतरा बढ़ गया है, जबकि मैदानी और निचले इलाकों में जलभराव के साथ नदियों और बरसाती नालों का जलस्तर बढ़ने से बाढ़ जैसे हालात बन रहे हैं।
देहरादून में ढाई घंटे हुई झमाझम बारिश
देहरादून में सुबह मौसम साफ रहा और धूप खिली रही, लेकिन शाम होते-होते अचानक मौसम बदला और तेज बारिश शुरू हो गई। शहर और आसपास के क्षेत्रों में करीब दो से ढाई घंटे तक मूसलाधार बारिश हुई।
बारिश के दौरान मालदेवता में 90 मिमी और सहस्रधारा में 70 मिमी बारिश दर्ज की गई। तेज बारिश के कारण कई इलाकों में सड़कें जलमग्न हो गईं और लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा।
पहाड़ों में भूस्खलन, निचले इलाकों में बढ़ा जलस्तर
लगातार बारिश के कारण पहाड़ी क्षेत्रों में कई स्थानों पर भूस्खलन की घटनाएं सामने आई हैं, जिससे सड़क यातायात प्रभावित हुआ। कोटद्वार में भी तेज बारिश दर्ज की गई, जबकि कुमाऊं के अधिकांश क्षेत्रों में वर्षा के तीव्र दौर देखने को मिले।
वहीं निचले इलाकों में नदियों और बरसाती नालों का जलस्तर बढ़ने से बाढ़ जैसे हालात की आशंका बनी हुई है। प्रशासन और आपदा प्रबंधन तंत्र को सतर्क रहने की जरूरत है।
छह जिलों में यलो अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार को प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम वर्षा के साथ गरज और तेज बौछारें पड़ सकती हैं।
टिहरी, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर, नैनीताल, ऊधम सिंह नगर और देहरादून में कहीं-कहीं भारी बारिश को लेकर यलो अलर्ट जारी किया गया है।
प्रदेश के सभी जिलों में कहीं-कहीं गरज के साथ आकाशीय बिजली चमकने और बारिश के तीव्र से अति तीव्र दौर की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने लोगों से नदी-नालों और संवेदनशील पहाड़ी क्षेत्रों से दूरी बनाए रखने की अपील की है।

