देहरादून: घरेलू एलपीजी उपभोक्ताओं के लिए राहत की खबर है। ई-केवाईसी पूरी करने की अंतिम तिथि 15 अगस्त से बढ़ाकर 23 अगस्त 2026 कर दी गई है। देहरादून जिले में अभी भी 1,59,299 घरेलू गैस उपभोक्ताओं की e-KYC लंबित है। प्रशासन ने उपभोक्ताओं से अंतिम तारीख का इंतजार किए बिना जल्द प्रक्रिया पूरी करने की अपील की है।
7.16 लाख कनेक्शन, 5.57 लाख की e-KYC पूरी
जिले में कुल 7,16,845 घरेलू गैस कनेक्शन हैं। इनमें से अब तक 5,57,546 उपभोक्ता e-KYC पूरी करा चुके हैं, जबकि 1,59,299 उपभोक्ताओं की प्रक्रिया अभी बाकी है। लंबित उपभोक्ताओं में 9,243 प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के लाभार्थी भी शामिल हैं।
तीन तरीकों से करा सकते हैं e-KYC
उपभोक्ताओं को e-KYC के लिए गैस एजेंसी जाने की जरूरत ही नहीं है। इसके लिए तीन विकल्प उपलब्ध हैं—
- गैस एजेंसी पर जाकर e-KYC करा सकते हैं।
- होम डिलीवरी कर्मचारी के मोबाइल एप और बायोमेट्रिक डिवाइस से प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं।
- इंडेन, भारत गैस या एचपी गैस की अधिकृत मोबाइल एप के जरिए स्वयं e-KYC कर सकते हैं।
23 अगस्त के बाद क्या होगा?
जिला पूर्ति अधिकारी केके अग्रवाल ने उपभोक्ताओं से समय रहते e-KYC पूरी कराने की अपील की है। निर्धारित अंतिम तिथि 23 अगस्त 2026 तक e-KYC नहीं कराने वाले उपभोक्ताओं की घरेलू एलपीजी आपूर्ति बाधित हो सकती है और उन्हें गैस व्यावसायिक दरों पर उपलब्ध कराई जाएगी।
प्रशासन ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि अंतिम समय की भीड़ और किसी संभावित परेशानी से बचने के लिए e-KYC जल्द से जल्द पूरी कराएं।

