नई दिल्ली: देश आज 80वां स्वतंत्रता दिवस पूरे उत्साह और गर्व के साथ मना रहा है। दिल्ली के ऐतिहासिक लाल किले पर होने वाले मुख्य समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राष्ट्रीय ध्वज फहराएंगे और लगातार 13वीं बार लाल किले की प्राचीर से देश को संबोधित करेंगे।
इस बार स्वतंत्रता दिवस समारोह कई मायनों में खास रहने वाला है। पहली बार लाल किले की प्राचीर पर ‘वंदे मातरम्’ का सामूहिक गायन होगा। रक्षा मंत्रालय के अनुसार, यह आयोजन राष्ट्रगीत की 150 साल पुरानी गौरवशाली परंपरा को समर्पित है।
समारोह में 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य में युवाओं की भूमिका, ऊर्जा और उनके सपनों को भी प्रमुखता दी जाएगी। देशभर में राजधानी से लेकर छोटे शहरों और कस्बों तक ध्वजारोहण और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
लाल किले पर PM मोदी का भव्य स्वागत
लाल किले पहुंचने पर प्रधानमंत्री का स्वागत रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ और रक्षा सचिव राजेश कुमार सिंह करेंगे। इसके बाद दिल्ली क्षेत्र के जीओसी लेफ्टिनेंट जनरल राजेश सेठी उन्हें सलामी मंच तक ले जाएंगे।
थल सेना, नौसेना, वायु सेना और दिल्ली पुलिस के संयुक्त दल की ओर से प्रधानमंत्री को सलामी दी जाएगी। पीएम मोदी सलामी गारद का निरीक्षण भी करेंगे। इस वर्ष भारतीय सेना को समारोह में समन्वयक सेवा की जिम्मेदारी दी गई है।
सलामी गारद की कमान लेफ्टिनेंट कर्नल अर्जुन सिंह संभालेंगे।
तिरंगा फहराते ही 21 तोपों की सलामी
सलामी गारद के निरीक्षण के बाद प्रधानमंत्री लाल किले की प्राचीर पर पहुंचेंगे। कैप्टन सोनिया सिंह चौहान उन्हें राष्ट्रीय ध्वज फहराने में सहायता करेंगी।
तिरंगा फहराए जाने के साथ ही 1721 फील्ड बैटरी 21 तोपों की सलामी देगी। इसी दौरान सेना का बैंड ‘वंदे मातरम्’ की धुन बजाएगा और लाल किले पर मौजूद लोग सामूहिक रूप से राष्ट्रगीत का गायन करेंगे। इसके बाद राष्ट्रगान होगा।
आसमान से होगी तिरंगे के साथ पुष्पवर्षा
ध्वजारोहण के दौरान भारतीय वायु सेना के दो एमआई-17 हेलीकॉप्टर लाल किले के ऊपर से पुष्पवर्षा करेंगे। इनमें से एक हेलीकॉप्टर राष्ट्रीय ध्वज और दूसरा ‘वंदे मातरम्’ अंकित ध्वज लेकर उड़ान भरेगा।
इसके बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश को संबोधित करेंगे।
5000 विशेष अतिथि बनेंगे समारोह का हिस्सा
प्रधानमंत्री के संबोधन के बाद एनसीसी कैडेट और ‘मेरा भारत’ के स्वयंसेवक एक बार फिर सामूहिक रूप से ‘वंदे मातरम्’ का गायन करेंगे।
इस वर्ष स्वतंत्रता दिवस समारोह में देश के अलग-अलग हिस्सों से करीब 5,000 विशेष अतिथियों को आमंत्रित किया गया है। समारोह को लेकर लाल किले पर फुल-ड्रेस रिहर्सल भी आयोजित की जा चुकी है।
आज का समारोह राष्ट्रभक्ति, युवा शक्ति और 2047 के विकसित भारत के संकल्प को समर्पित रहेगा।
