Site icon The Mountain People

पीपलकोटी टनल हादसा: 7 लोगों की मौत, 19 रेस्क्यू; 3 की तलाश जारी

 

 

 

चमोली: मायापुर (पीपलकोटी) स्थित टीएचडीसी की निर्माणाधीन टनल में मलबा और पानी भरने के बाद रातभर राहत एवं बचाव अभियान जारी रहा। जिला प्रशासन की ओर से चलाए जा रहे रेस्क्यू ऑपरेशन की निगरानी जिलाधिकारी गौरव कुमार स्वयं मौके पर मौजूद रहकर कर रहे हैं।

टीएचडीसी की विष्णुगाड-पीपलकोटी जल विद्युत परियोजना के टीआरटी टनल की लंबाई करीब 3 किलोमीटर है। टनल के लगभग 1.50 किलोमीटर हिस्से में भूधंसाव के कारण मलबा और पानी भरने की स्थिति बनी, जिससे अंदर काम कर रहे कई लोग फंस गए।

प्रशासन के मुताबिक, टनल में कुल 22 लोगों के फंसे होने की सूचना थी। रातभर चले रेस्क्यू अभियान में अब तक 19 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है, जबकि 3 लोगों की तलाश अभी जारी है।

घटना के बाद राहत एवं बचाव कार्य में सहयोग के लिए टनल के अंदर गए सभी 6 बचावकर्मी भी सुरक्षित बाहर हैं। हादसे में अब तक 7 लोगों की दुखद मृत्यु की सूचना है।

रेस्क्यू किए गए घायल श्रमिकों को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय गोपेश्वर लाया गया है। स्वास्थ्य विभाग और चिकित्सकों की टीमें घायलों के उपचार के साथ उनकी स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं।

मौके पर एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, आईटीबीपी, पुलिस और अन्य तकनीकी एवं विशेषज्ञ टीमें मौजूद हैं। टनल के भीतर मलबे और पानी की चुनौती के बीच बचाव दल बेहद सावधानी और आपसी समन्वय के साथ अभियान चला रहे हैं।

जिलाधिकारी गौरव कुमार ने अधिकारियों और रेस्क्यू टीमों से लगातार स्थिति की जानकारी लेते हुए शेष लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए सभी जरूरी संसाधनों और तकनीकी सहायता का प्रभावी इस्तेमाल सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

फिलहाल प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता टनल में फंसे शेष 3 लोगों को सुरक्षित बाहर निकालना है। रेस्क्यू ऑपरेशन लगातार जारी है।

Exit mobile version