Site icon The Mountain People

मुख्यमंत्री धामी ने CM आवास पर फहराया तिरंगा, प्रदेशवासियों से ‘हर घर तिरंगा’ अभियान से जुड़ने की अपील

 

 

 

 

देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज अपने शासकीय आवास पर तिरंगा फहराकर ‘हर घर तिरंगा’ अभियान का संदेश दिया। उन्होंने प्रदेशवासियों से राष्ट्रध्वज के सम्मान और देशभक्ति की भावना के साथ अपने घरों, प्रतिष्ठानों और सार्वजनिक स्थलों पर तिरंगा फहराने की अपील की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ केवल एक अभियान नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति समर्पण, एकता और गौरव की भावना का उत्सव है। तिरंगा देश की अस्मिता, स्वाभिमान, त्याग और बलिदान का प्रतीक है। प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है कि राष्ट्रध्वज के सम्मान को सर्वोच्च प्राथमिकता दे।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर शुरू हुआ ‘हर घर तिरंगा’ अभियान आज जन-जन का अभियान बन चुका है। यह प्रत्येक नागरिक को राष्ट्र निर्माण की भावना से जोड़ने का माध्यम है।

उत्तराखंड की वीरभूमि की गौरवशाली परंपरा

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड की वीरभूमि ने देश की रक्षा और सेवा में हमेशा अग्रणी भूमिका निभाई है। प्रदेश का प्रत्येक परिवार इस अभियान में उत्साहपूर्वक भाग लेकर राष्ट्रभक्ति की इस गौरवशाली परंपरा को और मजबूत करे।

उन्होंने प्रदेशवासियों से अपने घरों पर तिरंगा लगाने, राष्ट्रध्वज संहिता का पालन करने और परिवार के बच्चों एवं युवाओं को भी तिरंगे के सम्मान और राष्ट्रप्रेम के संस्कारों से जोड़ने का आह्वान किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी मिलकर ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को जनआंदोलन का स्वरूप दें और तिरंगे के सम्मान के साथ राष्ट्र की एकता, अखंडता और गौरव को और अधिक सुदृढ़ करें।

Exit mobile version